दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ विपश्यना के लिए पंजाब के होशियारपुर पहुंच गए हैं। बुधवार 5 मार्च को वे महिलांवाली गांव के पास आनंदगढ़ में धम्म-धज विपश्यना योग केंद्र पहुंच गए हैं और 15 मार्च तक वहीं रहकर ध्यान साधना में लीन रहेंगे। लेकिन उनके सुरक्षा काफिले का वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी नेताओं ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया है। केजरीवाल के काफिले पर दिल्ली और पंजाब के भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाए हैं। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा, प्रवेश वर्मा और कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित के अलावा पंजाब के विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और विधायक प्रगट सिंह जैसे नेताओं ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाए हैं। दिल्ली मंत्री मनिंदर सिरसा ने गाड़ियों पर उठाए सवाल मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल विपश्यना के लिए पंजाब गए हैं। उनके काफिले में 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की कीमत की कारें, 50 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और 100 से ज्यादा कमांडो हैं। अरविंद केजरीवाल पंजाब का पैसा बर्बाद कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल का उद्देश्य विपश्यना का नहीं बल्कि पंजाब का सीएम बनने का है। ना विपश्यना होगी और ना ही सीएम बनने का सपना पूरा होगा। लुधियाना के लोग न ही संदीप अरोड़ा को जीतने देंगे और न ही केजरीवाल का सीएम बनने का सपना पूरा होगा। प्रताप बाजवा बोले- विपश्यना की जरूरत सीएम भगवंत मान को पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा- जब यह पार्टी (AAP) अस्तित्व में आई थी, तो उन्होंने देश से वादा किया था कि वे वीआईपी कल्चर खत्म करेंगे। जब पंजाब में सरकार बनाने जा रहे थे, तब अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने कहा था कि जो सुरक्षा की मांग करता है, उसे राजनीति छोड़ देनी चाहिए। लेकिन अफसोस की बात है कि कल अरविंद केजरीवाल के काफिले में 32 गाड़ियां थीं। यहां तक कि आज भी 80 पंजाब पुलिस कमांडो कपूरथला हाउस में केजरीवाल जी की सुरक्षा में तैनात हैं। भगवंत मान, जो न तो मानसिक रूप से स्थिर हैं और न ही शारीरिक रूप से, वास्तव में विपश्यना ध्यान के सबसे ज्यादा जरूरतमंद व्यक्ति हैं। AAP ने हर उस बात के उलट किया है, जो उन्होंने जनता से वादा किया था।” कांग्रेस विधायक प्रगट सिंह ने लगाया पंजाब के संसाधनों का दुरुपयोग के आरोप कांग्रेस विधायक प्रगट सिंह ने कहा कि विपश्यना ध्यान का उद्देश्य शांति और साधना है। लेकिन अरविंद केजरीवाल इस पूरे भव्य आयोजन के जरिए क्या साबित करना चाहते हैं? जो केजरीवाल कभी एक वैगनआर के साथ ड्रामा किया करते थे, वही अब पंजाब के संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे हैं। ऐसे नेता केवल जनता के राजनीति पर विश्वास को और कमजोर करते हैं। PWD व जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने कसा तंज भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जैसा कि मैं चुनाव प्रचार के दौरान कह रहा था, दिल्ली में हारने के बाद अरविंद केजरीवाल पंजाब भाग जाएंगे। अब वहां उनकी सरकार है, वह उसे बचाना चाहते हैं। अब, क्या वह राज्यसभा सांसद बनेंगे या पंजाब के मुख्यमंत्री, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। संदीप दीक्षित ने कहा- इन्हें शान-शौकत की आदत हो गई कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को दिखावे की शान-शौकत की आदत हो गई हैं। मैं तो 10 सालों से कह रहा हूं कि केजरीवाल को सत्ता का लालच है। जब उन्हें सादगी के नाम पर वोट मिलते थे, तब भी हम कहते थे कि वह सादगी का दिखावा करते हैं। अरविंद केजरीवाल को सत्ता के साथ मिलने वाली फिजूलखर्ची की इतनी ज्यादा आदत हो गई है कि विपश्यना के लिए जाते समय भी उनके काफिले में 100 गाड़ियां होती हैं।
Related Posts
केंद्र ने 4 नए रेलवे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी:इससे 4 राज्यों के 18 जिले जुड़ेंगे; इटारसी-भोपाल-बीना रूट पर चौथी लाइन बनेगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें कुल 24,634 करोड़ रुपए की रेल…
खबर हटके-पिता के अंतिम संस्कार पर हेलिकॉप्टर से पैसे बरसाए:12वीं में 26 बार फेल PHD होल्डर, फिर एग्जाम देंगे; जानिए दिनभर की 5 रोचक खबरें
अक्सर लोग अपने प्रियजनों को अंतिम विदाई फूलों से या बंदूक की सलामी से देते हैं, लेकिन एक शख्स ने…
SC बोला-आर्थिक बोझ का हवाला देकर मुआवजा नहीं छीन सकते:यह संवैधानिक अधिकार; जमीन अधिग्रहण मामले में नेशनल हाईवे अथॉरिटी की याचिका खारिज
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को 2019 से पहले हुए भूमि अधिग्रहण मामलों में सोलाटियम और ब्याज देने से जुड़े अपने…