भास्कर अपडेट्स:असम में 30 करोड़ की कीमत वाली 3 लाख याबा टैबलेट बरामद

असम के खेयरपुर इलाके में असम राइफल्स ने त्रिपुरा पुलिस के साथ मिलकर 30 करोड़ रूपए कीमत की 3 लाख याबा टैबलेट (ड्रग्स) बरामद कीं। अधिकारियों ने बताया कि एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया था, इसी दौरान याबा टैबलेट की इतनी बड़ी खेप पकड़ी गई। आज की अन्य बड़ी खबरें… मणिपुर के नए मुख्य सचिव नियुक्त हुए पुनीत कुमार गोयल, प्रशांत कुमार सिंह की जगह लेंगे सीनियर IAS अधिकारी पुनीत कुमार गोयल को मणिपुर का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वे प्रशांत कुमार सिंह की जगह लेंगे। गोयल एजीएमयूटी कैडर के 1991 बैच के अधिकारी हैं। सिंह को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने जनवरी 2025 में मणिपुर के मुख्य सचिव का कार्यभार संभाला था। मुंबई में सौतेले पिता ने 5 साल की बच्ची की गला घोंटकर हत्या की, समुद्र में शव मिलने के बाद खुलासा मुंबई में एक 40 साल एक व्यक्ति ने अपनी पांच साल की सौतेली बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव समुद्र में फेंक दिया। मुंबई पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी इमरान शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना तब सामने आई जब मंगलवार सुबह कोलाबा पुलिस अधिकारियों ने दक्षिण मुंबई में ससून डॉक के पास समुद्र में लड़की का शव तैरता हुआ पाया। एक अधिकारी ने बताया कि बच्ची सेंट्रल मुंबई के एंटॉप हिल इलाके से लापता हुई थी। उसके सौतेले पिता इमरान शेख और मां नाजिया, जो हाउस हेल्प ने बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत एंटॉप हिल पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान, पुलिस ने एंटॉप हिल और आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तो बच्ची को आखिरी बार उसके सौतेले पिता के साथ देखा गया। बच्ची का शव समुद्र में मिलने के बाद, पुलिस ने सौतेले पिता को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने अपनी सौतेली बेटी की हत्या और शव को समुद्र में फेंकने की बात मान ली। पुलिस को शक है कि कपल के बीच किसी विवाद के चलते बच्ची की हत्या की गई होगी। बच्ची की मां ने आरोपी से दूसरी शादी की थी। पुणे में एयरफोर्स के रिटायर्ड अफसर के घर से दो लुटेरों ने 66 लाख का कीमती सामान लूटा पुणे शहर के वानवाड़ी इलाके में मंगलवार सुबह दो लुटेरों ने एक एयरफोर्स से रिटायर्ड विंग कमांडर के घर 66 लाख रुपए के सोने, हीरे के गहने और नकदी लूट ली। पुलिस ने बताया कि 78 साल के रिटायर्ड अफसर ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि वह और उनकी पत्नी सो रहे थे। तभी काले नकाब पहने दो व्यक्ति रात करीब 2.30 बजे उनके बेडरूम में घुस आए और उन्हें जगाकर धमकाया और अलमारी की चाबियां मांगीं। पुलिस ने बताया कि लुटेरों ने अलमारी खोली और 66 लाख रुपए से ज्यादा का सामान और कैश लेकर फरार हो गए। घर से निकलते समय दोनों ने बुजुर्ग कपल को धमकी दी और कहा कि किसी को बताया तो अंजाम बहुत बुरा होगा। पुलिस ने कपल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *