प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मीठी नदी की सफाई में हुए कथित 65 करोड़ रुपए के घोटाले को लेकर मुंबई में करीब 8 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई उन ठेकेदारों के ठिकानों पर हो रही है, जिन्होंने झूठे एमओयू (समझौता पत्र) बनाकर मुंबई महानगरपालिका (BMC) को सौंपी थी। अधिकारियों के मुताबिक, ठेकेदारों ने नदी से निकली गाद को कहां और कैसे डंप किया, इस बारे में गलत दस्तावेज पेश किए। ED इस घोटाले से जुड़े सबूतों की जांच कर रही है। आज की और बड़ी खबर भी पढ़ें… IPS एसबीके सिंह को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का एडिशनल चार्ज मिला दिल्ली होमगार्ड्स के डायरेक्टर जनरल एसबीके सिंह को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का एडिशनल चार्ज सौंपा गया है। एसबीके सिंह एक अगस्त को यह पदभार ग्रहण करेंगे। अगले आदेश जारी होने तक एसबीके सिंह इस पद पर रहेंगे। मौजूदा कमिश्नर संजय अरोड़ा आज रिटायर हो रहे हैं। वे तमिलनाडु कैडर के 1988 बैच के IPS अधिकारी हैं। पीएम मोदी ने अमित शाह के भाषण की तारीफ की, कहा- सरकार का रुख स्पष्ट रूप से व्यक्त किया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर हुई चर्चा में गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की तारीफ की है। उन्होंने कहा शाह ने आतंकी नेटवर्कों को जड़ से उखाड़ फेंकने समेत राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित सरकार का रुख स्पष्ट रूप से व्यक्त किया। मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में, विदेश मंत्री एस जयशंकर के ‘असाधारण’ भाषण की भी तारीफ की है। कहा- उन्होंने आतंकवाद को वैश्विक ध्यान का विषय बनाने के भारत के प्रयासों पर जोर दिया, ऑपरेशन सिंदूर के जरिए देश की प्रतिक्रिया और सरकार द्वारा नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाने के तरीके का उल्लेख किया। पहलगाम आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर से संबंधित चर्चा समाप्त होने पर बुधवार को शाह और जयशंकर दोनों ने सदन में भाषण दिया। दोनों ने ही अपने भाषण में यह बात दोहराई थी कि उनकी सरकार ने 22 अप्रैल के आतंकवादी हमले का पूरी दृढ़ता और संकल्प के साथ जवाब दिया। खुशबू सुंदर तमिलनाडु भाजपा की उपाध्यक्ष बनीं; 2026 विधानसभा चुनाव से पहले फेरबदल, 14 उपाध्यक्ष बनाए गए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने खुशबू सुंदर को तमिलनाडु में पार्टी के उपाध्यक्षों में से एक नियुक्त किया है। पार्टी पदाधिकारियों में यह फेरबदल तमिलनाडु में होने वाले 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले हुआ है। भाजपा ने बुधवार को तमिलनाडु में 14 उपाध्यक्षों की घोषणा की है। इनमें खुशबू सुंदर, एम चक्रवर्ती, वीपी दुरईसामी, केपी रामलिंगम, कारू नागराजन, शशिकला पुष्पा, पी कनागसाबापति, डॉल्फिन श्रीधरन, एजी संपत, आरसी पॉल कनगराज, आरएन जयप्रकाश, मा वेंकटेशन, के गोपालसामी और एन सुंदर शामिल हैं। खुशबू सुंदर ने बुधवार को एक X पोस्ट शेयर करते हुए इस मौके के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी राज्य प्रमुख नैनार नागेंथिरन को धन्यवाद दिया है। मलयालम रैपर के खिलाफ रेप का मामला दर्ज, वेदान पर PM मोदी को बदमान करने के आरोप में भी FIR हुई थी केरल में जाने-माने मलयालम रैपर वेदान के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया है। वेदान को हीरादास मुरली के नाम से भी जाना जाता है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि एक महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि वेदान ने 2021 से 2023 के बीच कई बार पर उसका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने बुधवार देर रात थ्रीक्काकारा पुलिस स्टेशन में रैपर के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। वेदान पर पहले भी कई केस दर्ज हो चुके हैं। उन्हें इस साल अप्रैल में एक ड्रग मामले में गिरफ्तार किया गया था और फिर जमानत पर रिहा कर दिया गया था। इसके तुरंत बाद, उनके पास से एक तेंदुए का दांत मिला था, जिसके कारण वन विभाग ने उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि, फिर जमानत पर रिहा कर दिया। मई, 2025 में एक भाजपा नेता ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करने और अपने संगीत के माध्यम से जाति आधारित विभाजन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया था। एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक आज रिटायर होंगे, महाराष्ट्र सरकार ने दो दिन पहले ACP पद पर प्रमोट किया था मुंबई के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट नाम से मशहूर दया नायक गुरुवार को पुलिस सेवा से रिटायर होंगे। महाराष्ट्र सरकार ने रिटायरमेंट से दो दिन पहले 29 जुलाई को उन्हें असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर के पद पर प्रमोट किया था। वे इससे पहले बांद्रा में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के पुलिस इंस्पेक्टर इन-चार्ज के पद पर थे। दया नायक 1995 में मुंबई पुलिस में शामिल हुए थे। वे 1990 के दशक में उन पुलिस अधिकारियों के रूप में मशहूर हुए, जिन्होंने कई गैंगस्टरों को एनकाउंटर्स में मार गिराया। दया नायक पर एक फिल्म भी बनी थी। 2006 में, एंटी करप्शन ब्यूरो ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था, लेकिन बाद में उन्हें क्लीन चिट दे दी गई थी। नायक ने महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) में भी काम किया। वे उस टीम का भी हिस्सा थे, जिसने 2021 में अंबानी आवास की सुरक्षा में गड़बड़ी और उसके बाद ठाणे के व्यवसायी मनसुख हिरेन की हत्या के मामले को सुलझाया था। हैदराबाद एयरपोर्ट पर 40 करोड़ का गांजा जब्त, महिला गिरफ्तार; बैंकॉक से दुबई होते हुए भारत लौटी थी हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बुधवार को एक महिला यात्री के पास से 400 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। NCB ने बताया कि गांजे की अनुमानित कीमत 40 करोड़ रुपए है। जांच में पता चला कि महिला ने बैंकॉक से गांजा खरीदा और दुबई के रास्ते भारत लौटी, ताकि किसी को शक न हो। क्योंकि बैंकॉक से सीधे भारत पर आने वाले यात्रियों से गांजा बरामद होने के कई मामले सामने आए हैं। NCB अधिकारियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर, महिला यात्री को रोका और उसके दो चेक-इन बैग से गांजा जब्त किया। महिला के थाईलैंड और भारत में संबंधों की जांच जारी है। देश में 5 साल में साइबर फ्रॉड के मामले 900% बढ़े, सबसे ज्यादा यूपी में 9.63 लाख केस दर्ज देश में 5 साल में साइबर फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़े हैं। गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने राज्यसभा में बताया कि 2021 से 2025 (30 जून तक) के बीच इन अपराधों में करीब 900% की बढ़ोतरी हुई है। सांसद जोस मणि के सवाल पर मंत्री ने बताया कि 2021 से 30 जून 2025 तक कुल 66 लाख से अधिक साइबर अपराध रिपोर्ट हुए। सबसे ज्यादा 9.63 लाख केस उत्तर प्रदेश में दर्ज किए गए। इसके बाद महाराष्ट्र में 7.61 लाख, दिल्ली में 5.13 लाख, गुजरात में 4.93 लाख, कर्नाटक में 4.37 लाख, तमिलनाडु में 4.09 लाख, राजस्थान में 3.93 लाख, तेलंगाना में 3.75 लाख, पश्चिम बंगाल में 3.55 लाख और हरियाणा में 3.48 लाख मामले सामने आए।
Related Posts
14 राज्यों में मानसूनी बारिश:MP-बिहार के 52 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट; राजस्थान में 7 जिलों में हीटवेव
देश में मानसून की एंट्री का आज पांचवां दिन है। 14 राज्यों में मानसून की बारिश जारी है। वहीं, छत्तीसगढ़…
IRCTC घोटाले में लालू-राबड़ी और तेजस्वी के खिलाफ आरोप तय:तेजस्वी बोले- शाह ने एक महीने पहले धमकी दी थी चुनाव लड़ने लायक नहीं छोड़ेंगे
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को IRCTC घोटाले में आरोपी…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:देश में 1251 कोरोना केस, 13 मौतें; मानसून 17 राज्यों तक पहुंचा; 14 फसलों की MSP बढ़ी; 6 राज्यों में मॉक ड्रिल स्थगित
नमस्कार, कल की बड़ी खबर देश में बढ़ते कोरोना केस की रही। एक खबर मानसून की रही, 8 दिन पहले…