अंबाला की बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा मां बनेंगी:सोशल मीडिया पर लिखा- 1+1=3; पंजाब के राज्यसभा सांसद राघव चड्‌ढा से शादी हुई

पंजाब के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और हरियाणा में अंबाला की रहने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा जल्द ही पेरेंट्स बनने वाले हैं। कपल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर यह खुशखबरी दी है। उन्होंने लिखा है- “हमारा छोटा सा यूनिवर्स… अपने रास्ते पर, अत्यंत धन्य।” इस बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा, सोनम कपूर समेत अन्य लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। बता दें कि राघव और परिणीति ने 2 साल पहले उदयपुर के द लीला पैलेस में शादी की थी। उन्होंने शादी और तमाम फंक्शन्स को काफी प्राइवेट रखा गया था। कपल ने यह खुशखबरी आकर्षक तरीके से लोगों से शेयर की है। उन्होंने एक गोल केक की तस्वीर शेयर की, जिस पर “1 + 1 = 3” लिखा है। उसके नीचे दो छोटे सुनहरे पैरों के निशान बने हैं। इसके साथ ही उन्होंने पार्क में हाथ पकड़कर टहलते हुए एक वीडियो भी शेयर किया। कपल की सोशल मीडिया पर पोस्ट… राघव ने कपिल शर्मा शो में दिया था हिंट
हाल ही में परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो पर पहुंचे थे। इस दौरान राघव ने परिणीति की प्रेग्नेंसी का हिंट दिया था और कहा था कि हम जल्द ही गुड न्यूज शेयर करेंगे। फाइनली कपल ने अपने फैंस को खुशखबरी दे दी है। वहीं परिणीति की मां रीना चोपड़ा ने लिखा है- इससे बड़ी कोई खुशी और आशीर्वाद नहीं है। आपको बहुत प्यार। भगवान आप पर आशीर्वाद बनाए रखे। 2023 में उदयपुर में हुई थी शादी
परिणीति चोपड़ा और सांसद राघव चड्ढा की शादी 24 सितंबर 2023 को उदयपुर के द लीला पैलेस में हुई थी। परिणीति मूल रूप से अंबाला कैंट की रहने वाली हैं, जबकि राघव चड्ढा का परिवार दिल्ली में रहता है। उनका ननिहाल जालंधर का है। राघव आम आदमी पार्टी के पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं और वह पहले पंजाब के प्रभारी भी रह चुके हैं। शादी के बाद कपल का साथ में क्वालिटी टाइम
शादी के बाद परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने ज्यादातर समय साथ बिताने की कोशिश की है। दोनों हाल ही में पेरिस में फ्रेंच ओपन फाइनल देखने पहुंचे थे और वहां से तस्वीरें भी शेयर की थीं। इसके बाद ही कपल कपिल शर्मा के शो में भी नजर आया था। 2011 में किया था फिल्मों में डेब्यू
परिणीति ने 2011 में फिल्म लेडीज वर्सेस रिक्की बहल से बॉलीवुड डेब्यू किया था, जिसमें अनुष्का शर्मा और रणवीर सिंह लीड रोल में थे। फिल्म की सफलता के बाद उन्हें 2012 में इश्कजादे में लीड रोल मिला, जिसके लिए उन्होंने स्पेशल मेंशन नेशनल अवॉर्ड जीता। अब तक परिणीति 17 फिल्मों में काम कर चुकी हैं। अंबाला कैंट में रहते हैं परिणीति के माता-पिता
परिणीति चोपड़ा का जन्म 22 अक्टूबर 1988 को अंबाला में हुआ। उनकी शुरुआती पढ़ाई भी कॉन्‍वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी से हुई थी। 17 साल की उम्र में परिणीति लंदन चली गईं। जहां से उन्‍होंने मैंनचेस्‍टर बिजनेस स्‍कूल से बिजनेस, फाइनेंस और इ‍कनॉमिक्‍स में ऑनर्स की डिग्री प्राप्‍त की। प्रदेश सरकार द्वारा परिणीति चोपड़ा को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड एंबेसडर भी बनाया गया था। उनके पिता पवन चोपड़ा और मां रीना चोपड़ा अंबाला कैंट में स्टाफ रोड पर रहते हैं। परिणीति के पिता की राय मार्केट में चोपड़ा ऑटोमोबाइल नाम से स्पेयर पार्ट्स की दुकान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *