दिल्ली-NCR में बाढ़, मंदिर और बाजार डूबे:राजस्थान के अजमेर में बोराज तालाब टूटा, 1000 घरों में पानी; पंजाब में 43 मौतें

बारिश से पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक तबाही आ गई है। दिल्ली-NCR में लगातार बारिश के कारण यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे कई इलाकों में बाढ़ आ गई है। नोएडा में सेक्टर-135 और सेक्टर-151 डूब गए हैं। कई इलाके में 3 से 4 फीट पानी भरा है। हरियाणा के पंचकूला, हिसार, रोहतक और झज्जर में सभी स्कूल बंद हैं। फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और फरीदाबाद में भी कुछ स्कूल बंद कर दिए गए हैं। गुरुग्राम की सिग्नेचर ग्लोबल सलोरा सोसाइटी में गुरुवार को पानी भर गया। इससे महिलाएं और बच्चे घरों में कैद हो गए। राजस्थान के अजमेर में गुरुवार रात भारी बारिश के बाद बोराज तालाब की दीवार ढह गई। इससे 1 हजार से ज्यादा घरों में अचानक सैलाब आ गया। लोगों ने छतों पर जाकर जान बचाई। पानी का बहाव इतना तेज था कि कई गाड़ियां बह गईं। मकान क्षतिग्रस्त हो गए। देर रात तक लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला। पंजाब में बाढ़ में मरने वालों की संख्या गुरुवार को बढ़कर 43 हो गई। राज्य के 23 जिलों के 1,655 गांवों में 3.55 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। 1.71 लाख हेक्टेयर जमीन पर लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं। राज्य में अगले 5 दिन बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। इससे बाढ़ से राहत मिल सकती है। दिल्ली-NCR में बारिश-बाढ़ की तस्वीरें… कश्मीर का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क कटा
कश्मीर में गुरुवार को बारिश और लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे सहित सभी सड़कें बह गईं या टूट गईं। इससे घाटी का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क कट गया है। झेलम नदी का जलस्तर कम हो गया है। नदी अब खतरे के निशान से नीचे बह रही है। हालांकि, एहतियात के तौर पर, कश्मीर रीजन के स्कूल और कॉलेज शनिवार, 6 सितंबर तक बंद कर दिए गए हैं। जम्मू के रामबन जिले में भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और लैंडस्लाइड के बाद 283 घर क्षतिग्रस्त हो गए। 950 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। रामबन के डिप्टी कमिश्नर​​​ अलयास खान ने बताया कि लगातार बारिश के कारण 29 अगस्त को रामबन के राजगढ़ तहसील के द्रुबला गांव में अचानक बादल फटने से बाढ़ और लैंडस्लाइड हुई थी। देश के अन्य हिस्सों में बारिश-बाढ़ और लैंडस्लाइड की तस्वीरें… देशभर के राज्यों में बारिश का डेटा, मैप से समझें… देशभर के मौसम का हाल जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *