भास्कर अपडेट्स:लद्दाख में बीआरओ ने 19400 फीट पर बनाई रोड, दुनिया की सबसे ऊंची सड़क बनाने का अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ा

बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) ने लद्दाख में उमलिंग ला (19,024 फीट) के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 19,400 फीट ऊंचे मिग ला पास तक सड़क बनाई है। ये अब दुनिया का सबसे ऊंचा मोटरेबल रोड बन गई है। लेह जिले के लिकारू-मिग ला-फुकचे मार्ग पर यह सफलता मिली। ब्रिगेडियर विशाल श्रीवास्तव की टीम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यह सड़क सेना के लिए रणनीतिक महत्व रखती है। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली सरकार ने कश्मीरी विस्थापित परिवारों के लिए आय सीमा खत्म की, सभी पंजीकृत परिवारों को मिलेगा राहत भत्ता दिल्ली सरकार ने कश्मीरी विस्थापित परिवारों के लिए राहत भत्ता पाने के लिए आय सीमा खत्म कर दी है। इससे सभी पंजीकृत परिवार योग्य हो जाएंगे। परिवारों को अपनी डिटेल अपडेट करने का मौका दिया जाएगा और सितंबर 2025 तक का बकाया राहत राशि जारी की जाएगी। पहले मासिक आय सीमा 10,000 रुपये थी, जिसे 2023 में 27,000 रुपये तक बढ़ाया गया था। अब इसे पूरी तरह हटा दिया गया है। इससे करीब 70% ज्यादा परिवारों को फायदा होगा। परिवारों को अपने कश्मीरी माइग्रेंट कार्ड में नाम जोड़ने, अलग करने या अपडेट करने की सुविधा मिलेगी। जैसे, विवाहित बच्चे अलग कार्ड बनवा सकेंगे और गैर-माइग्रेंट लड़की की शादी माइग्रेंट परिवार में होने पर उसे सदस्य बनाया जाएगा। सभी भुगतान आधार से जुड़े सिस्टम के जरिए होंगे। यह योजना 1989-90 में केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई थी, जिसमें दिल्ली सरकार 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति देती है और बाकी केंद्र से आता है। वर्तमान में करीब 2,000 परिवारों को 3,250 रुपये प्रति व्यक्ति (अधिकतम चार सदस्यों पर) मिलता है। जरांगे की चेतावनी,महाराष्ट्र सरकार बाढ़ग्रस्त इलाकों को आपदा प्रभावित घोषित करे नहीं तो आंदोलन मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार दिवाली से पहले भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित इलाकों को आपदा प्रभावित घोषित करे नहीं तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि खेती को नौकरी का दर्जा दिया जाना चाहिए और सरकार को किसानों को उनके काम के लिए हर महीने भुगतान करना चाहिए। जरोंगे दशहरे पर बीड जिले के नारायणगढ़ में रैली को संबोधित कर रहे थे। प्रसिद्ध लोक कलाकार गोपीनाथ स्वैन का 107 साल की उम्र में निधन ओडिशा के गंजम जिले में गुरुवार को प्रसिद्ध कृष्ण लीला गायक और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित गोपीनाथ स्वैन का निधन हो गया। वे 107 साल के थे। परिवार के अनुसार, स्वैन अपने गोबिंदपुर स्थित घर पर थे और बुढ़ापे से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे थे। स्वैन को 2024 में पद्म श्री और 2023 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से नवाजा गया था। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विपक्ष के नेता नवीन पटनायक, राज्य के परिवहन मंत्री बिभूति भूषण जेना और कई राजनीतिक नेता व कलाकारों ने उनके निधन पर दुख जताया। मुख्यमंत्री ने कहा- स्वैन के निधन से ओडिशा ने एक बड़ा लोक कलाकार खो दिया। 1918 में जन्मे स्वैन ने 10 साल की उम्र में अपने पिता के बड़े भाई से कृष्ण लीला सीखना शुरू की। शुरुआत में वे शास्त्रीय गीत गाते थे और कृष्ण की भूमिका निभाते थे। उम्र बढ़ने पर उन्होंने लोक कला में अन्य भूमिकाएं कीं और फिर मुख्य गायक-निर्देशक बने। केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर और बद्रीनाथ धाम के कपाट 25 नवंबर को बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट इस साल 23 अक्टूबर को शीतकाल के लिए औपचारिक रूप से बंद कर दिए जाएंगे। श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने कहा कि बद्रीनाथ धाम के कपाट इस साल 25 नवंबर को दोपहर 2:56 बजे बंद कर दिए जाएंगे। बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के पट बंद करने की तिथि विजयादशमी के दिन तय की गई। इस दौरान धर्माधिकारी और वैदिक विद्वानों ने बीकेटीसी के पदाधिकारियों की उपस्थिति में पंचांग गणना के आधार पर तिथि को अंतिम रूप दिया। इसके बाद बद्रीनाथ धाम के रावल ने मंदिर के कपाट बंद होने की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर आगामी 2026 तीर्थयात्रा सत्र के लिए भंडार सेवा हेतु औपचारिक पगड़ी भी भेंट की गई। PM मोदी ने खड़गे को फोन कर लिया स्वास्थ्य का हाल, एक दिन पहले हुई थी कांग्रेस अध्यक्ष की पेसमेकर सर्जरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। PM ने खड़गे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। बुधवार को खड़गे की पेसमेकर इम्प्लांटेशन की सर्जरी हुई है। PM मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, खड़गे जी से बात की। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए प्रार्थना करता हूं। उनके बेटे और कर्नाटक के आईटी मंत्री प्रियांक खड़गे ने बताया कि पिता की स्थिति स्थिर है और वे जल्द ही अपने आधिकारिक कार्यक्रमों में शामिल होना शुरू कर देंगे। दिल्ली में गोल्डी बराड़-रोहित गोदारा गैंग के दो शूटर गिरफ्तार, कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी के मर्डर की सुपारी ली थी दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को गैंगस्टर रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चरण गैंग के जैतपुर-कालिंदी कुंज रोड पर एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। दोनों अपराधी का नाम राहुल और साहिल है। वे हरियाणा के पानीपत और भिवानी के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों ने रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चरण के कहने पर स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी की हत्या की सुपारी ली थी। दोनों ने मुंबई और बेंगलुरु में रेकी भी की थी। फारुकी ने 2024 में रियलिटी शो बिग बॉस जीता था और इंस्टाग्राम पर उनके 1.42 करोड़ फॉलोअर्स हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल राहुल दिसंबर 2024 में यमुनानगर में हुए ट्रिपल मर्डर केस में वांटेड था। उसके पास से हथियार और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। तेलंगाना में 401kg गांजे के साथ राजस्थान के 3 तस्कर गिरफ्तार, विशाखापट्टनम से नारियल में छिपाकर ले जा रहे थे तेलंगाना की एलीट एक्शन ग्रुप फॉर ड्रग लॉ एन्फोर्समेंट (EAGLE) ने बुधवार को हैदराबाद में पेड्डा अंबरपेट स्थित रामोजी फिल्म सिटी के पास राजस्थान के तीन ट्रांसपोर्टरों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 401 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया। EAGLE के अनुसार, तीन और आरोपी फिलहाल फरार हैं। वे ट्रक में गांजा छिपाकर विशाखापट्टनम से राजस्थान जा रहे थे। उन्होंने नारियल के ढेर में गांजा छिपा रखा था। राजस्थान में एक सप्लायर को गांजे की डिलीवरी करनी थी। छह आरोपियों की पहचान छोटू नारायण लाल नाइक, पुष्कर राज नाइक, किशन लाल नायक, श्रीधर, आशु और परमेश्वर के रूप में हुई है। इनमें श्रीधर, आशु और परमेश्वर फरार हैं। नवी मुंबई एयरपोर्ट का उद्घाटन 8 अक्टूबर को होगा नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 8 अक्टूबर को होगा। यह मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन का दूसरा एयरपोर्ट होगा। यह प्रोजेक्ट पांच फेज में तैयार किया जा रहा है। एयरपोर्ट पूरी तरह तैयार होने के बाद हर साल 9 करोड़ पैसेंजर और 32 लाख मीट्रिक टन कार्गो संभाल सकेगा। इससे यह एशिया के सबसे बड़े एविएशन हब्स में शामिल हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *