महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में पिकनिक मनाने आए एक ही परिवार के 7 लोग अरब सागर में डूब गए। इसमें 3 लोगों के शव बचाव दल ने बरामद कर लिए हैं वहीं 4 अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि एक 16 वर्षीय लड़की को बचा लिया गया है। यह घटना मुंबई से 490 किमी दूर स्थित शिरोडा-वेलागर समुद्र तट पर शाम करीब 4 बजे हुई। अधिकारियों के अनुसार एक परिवार के आठ सदस्य पिकनिक पर आए थे। उनमें से दो कुडाल (सिंधुदुर्ग) में रुके थे, जबकि छह अन्य कर्नाटक के बेलगावी से आए थे। सभी आठ लोग तैरने के लिए समुद्र में उतरे थे। पानी की गहराई का अंदाजा न लगा पाने के कारण वे डूबने लगे। पुलिस और स्थानीय आपदा प्रबंधन टीमों ने बचाव अभियान शुरू किया। इस दौरान तीन लोगों के शव बरामद हुए, जबकि चार अन्य अभी भी लापता हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… असम में नागालैंड के बदमाशों ने 90 घरों में आग लगाई, दागी गोलियां असम के गोलाघाट में शुक्रवार सुबह नागालैंड के बदमाशों ने सीमा पार कर उरियामघाट के टेंगाटोल गांव में हमला किया। यहां लगभग 90 घरों में आग लगा दी गई। हवा में गोलियां चलाकर बदमाश भाग गए। एक अधिकारी ने बताया कि बदमाशों ने गांव की जमीन पर अपना दावा किया और लोगों को घर छोड़ने को कहा। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन संपत्ति का बड़ा नुकसान हुआ है। पुलिस, प्रशासन, वन विभाग और सीआरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में कर लिए हैं, लेकिन तनाव बरकरार है। हैदराबाद में ऑटो चालक ने बुजुर्ग का फोन चुराया, बैंक अकाउंट से ₹1.95 लाख निकाले, 3 आरोपी गिरफ्तार हैदराबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने एक 68 साल के यात्री का मोबाइल फोन चुराने और उसके बाद बैंक खाते से 1.95 लाख रुपए से निकालने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को ऑटो चालक मोहम्मद मोइनुद्दीन, कार चालक मोहम्मद सैयद सलमान उर्फ सुल्तान और सब्जी विक्रेता मोहम्मद हुसैन को गिरफ्तार किया है। दरअसल, 20 सितंबर को एक बुजुर्ग ने साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई कि 17 सितंबर को उप्पल से तरनाका जाते समय एक शेयर्ड ऑटो-रिक्शा में उनका फोन खो गया था। अगले दिन सिम ब्लॉक करने के बाद पीड़ित ने जब नई सिम ली तो 20 सितंबर को उन्हें पता चला कि उसके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से धोखाधड़ी करके 1,95,001 रुपए निकाल लिए गए हैं।
पुणे में 12 साल के बच्चे की लिफ्ट में फंसने से मौत पुणे के चारहोली बुद्रुक इलाके में राम स्मृति कोऑपरेटिव सोसाइटी की लिफ्ट में फंसने से 12 साल के लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि घटना गुरुवार शाम 5 बजे की है। अधिकारियों के अनुसार, बच्चा तीसरी और चौथी मंजिल के बीच फंस गया था। उसका निचला हिस्सा लिफ्ट की दीवार और शाफ्ट के बीच दब गया था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंडमान में भारत का एकमात्र मड ज्वालामुखी 20 साल बाद फटा, जोरदार धमाके से मिट्टी फैली अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के बरातांग में भारत का एकमात्र मड वोल्केनो (मिट्टी का ज्वालामुखी) 20 साल से ज्यादा समय बाद फिर फट गया। बरातांग पोर्ट ब्लेयर से 150 किमी दूर है और पर्यटकों के लिए मशहूर है।
यह ज्वालामुखी जमीन के अंदर सड़ते कार्बनिक पदार्थों से निकलने वाले गैसों के दबाव से बनता है, जो मिट्टी और गैस को ऊपर धकेलता है और बुलबुले व गड्ढे बनाता है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा- हमें गुरुवार दोपहर 1:30 बजे जारवा क्रीक, बरातांग में बड़े विस्फोट की सूचना मिली थी। इससे पहले इसमें 2005 में विस्फोट हुआ था। विस्फोट से 3-4 मीटर ऊंचा मिट्टी का टीला बन गया और 1000 वर्ग मीटर से ज्यादा इलाके में मिट्टी फैल गई। इससे अभी भी मिट्टी और धुआं निकल रहा है। सुरक्षा के लिए पर्यटकों को जाने से रोका गया है और वन विभाग ने रास्ते बंद कर दिए हैं। मुंबई में बंद दरवाजे वाले लोकल ट्रेनों का मॉडल तैयार, जून में 4 पैसेंजर की गिरने से मौत के बाद रेलवे ने घोषणा की थी मुंबई में बंद दरवाजे वाले लोकल ट्रेनों (क्लोज-डोर लोकल) का मॉडल (प्रोटोटाइप) तैयार हो गया है। इसे जल्द की पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चलाया जाएगा। इसी साल जून में 4 पैसेंजर की लोकल ट्रेन से गिरकर मौत के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने क्लोज-डोर लोकल बनाने की घोषणा की थी। दरअसल, 9 जून को ठाणे जिले के दिवा और मुंब्रा स्टेशनों के बीच एक भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेन से 13 लोग गिर गए थे। इनमें 4 की मौत हो गई थी। अन्य बुरी तरह घायल हो गए थे। यह घटना तब हुई जब दो ट्रेनें विपरीत दिशाओं में एक-दूसरे को पार कर रही थीं। क्रॉसिंग के दौरान अप और डाउन दोनों ट्रेनों के फुटबोर्ड पर खड़े यात्री आपस में टकरा गए थे। राहुल गांधी बोले- इंडियन ऑटोमोबाइल कंपनियां इनोवेशन के चलते आगे, भाई-भतीजावाद से नहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस समय कोलंबिया की यात्रा पर हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम में इंडियन ऑटोमोबाइल ब्रांड बजाज, हीरो और TVS की सराहना की। राहुल गांधी ने लिखा, इन कंपनियों को कोलंबिया में इतना अच्छा प्रदर्शन करते देखकर गर्व हो रहा है। यह दर्शाता है कि भारतीय कंपनियां इनोवेशन से जीत सकती हैं, भाई-भतीजावाद से नहीं। बिहार के पूर्णिया में वंदे भारत की चपेट में आने से 4 की मौत, 1 गंभीर; ट्रैक पार करने के दौरान हादसा बिहार के पूर्णिया में शुक्रवार सुबह दशहरे का मेला देखकर लौट रहे 5 लोग वंदे भारत की चपेट में आ गए। इनमें से 4 लोगों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। घायल को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पांचों में से किसी की पहचान नहीं हो पाई है। हादसा कसबा थाना क्षेत्र के कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर जवनपुर के पास हुआ। हादसे के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सभी लोग रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। तभी जोगबनी से दानापुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस अचानक आ गई। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। पूरी खबर पढ़ें… श्रीलंका की जेल से रिहा होकर 15 भारतीय मछुआरे चेन्नई पहुंचे, सीमा पार से मछली पकड़ने के आरोप था तमिलनाडु के चेन्नई एयरपोर्ट पर शुक्रवार को 15 भारतीय मछुआरे श्रीलंका की जेल से रिहा होकर पहुंचे। श्रीलंका ने इनमें से दो मछुआरों को 19 फरवरी को, सात को 13 जुलाई को, दो को 21 जुलाई को और चार को 8 अगस्त को गिरफ्तार किया था। इन पर सीमा पार से मछली पकड़ने का आरोप था। केरल में विधायक से बदसलूकी मामले में 10 लोगों के खिलाफ FIR, भीड़ ने केपी मोहनन को घेरकर धक्का-मुक्की की थी केरल के कन्नूर जिले के करियाड में पूर्व मंत्री और कुथुपरम्बा से लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) विधायक केपी मोहनन के साथ बदसलूकी करने के आरोप में 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मोहनन गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे करियाड के पेरिंगथुर में एक आंगनवाड़ी का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान करीब 15 लोगों ने मोहनन का रास्ता रोका। उनके साथ धक्का-मुक्की की। FIR के मुताबिक, आरोपियों ने यातायात बाधित किया और दंगा करने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी करियाड के निवासी हैं और एक धर्मार्थ ट्रस्ट के डायलिसिस सेंटर से कचरा फेंकने का विरोध कर रहे थे। विधायक से बदसलूकी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें मोहनन अपनी कार से बाहर निकलकर आगे बढ़े लेकिन भीड़ ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हाथापाई के बावजूद, मोहनन किसी तरह कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे और समारोह में शामिल हुए। इसके तुरंत बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने विधायक से लिखित शिकायत दर्ज कराने को कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। दिल्ली में गैंगस्टर रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ के 2 सहयोगी गिरफ्तार, कल भी दो एनकाउंटर के बाद पकड़ाए थे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एक टीम ने कापसहेड़ा इलाके में एनकाउंटर के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान राजस्थान के श्रीगंगानगर निवासी आकाश राजपूत और राजस्थान के भरतपुर निवासी महिपाल के रूप में हुई है। घायल बदमाशों को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों अपराधी विदेश से सरगना चलाने वाले गैंगस्टर रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चरण से जुड़े हुए थे। आकाश राजपूत जुलाई 2022 में करनाल के असंध में एक अस्पताल के बाहर गोलीबारी में शामिल था, जिसकी साजिश प्रवासी गैंगस्टर दलेर कोटिया ने रची थी। वह जुलाई 2025 में गुजरात में अपहरण की एक घटना में भी वांटेड था, जिसमें गैंगस्टर किरीटसिंह झाला ने पीड़ित से 100 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। राजस्थान पुलिस ने आकाश राजपूत पर 20,000 रुपए का इनाम घोषित किया था। वह हाल ही में राजस्थान के वांटेड गैंगस्टर जगदीश जगला और अभिषेक गौड़ के जरिए रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चरण के साथ जुड़ गया था और भारत से भागने के लिए फर्जी पासपोर्ट हासिल करने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर चुका था। वहीं महिपाल करनाल गोलीकांड में शामिल था। एक मामले में गिरफ्तारी के बाद से जमानत पर था। वह आकाश के जरिए गैंगस्टर्स के संपर्क में आया था। इससे पहले गुरुवार को भी दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चरण गैंग के दो बदमाशों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। दोनों ने कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी की हत्या की सुपारी ली थी। मुंबई और बेंगलुरु में रेकी भी की थी। असम के सिंगर जुबीन के मैनेजर, आयोजक पर अब हत्या का केस दर्ज, 1 अक्टूबर को गिरफ्तार हुए थे गायक और संगीतकार जुबीन गर्ग की सिंगापुर में मौत के मामले में असम पुलिस ने उनके मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंता पर हत्या का केस दर्ज किया है। दोनों को बुधवार को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया और गुवाहाटी लाकर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। असम पुलिस की सीआईडी के स्पेशल डीजीपी मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। अब हत्या का केस दर्ज किया है। सिंगापुर पुलिस की नई रिपोर्ट के मुताबिक, जुबीन गर्ग की मौत 19 सितंबर को सिंगापुर के सेंट जॉन्स आइलैंड के पास तैरते वक्त डूबने से हुई थी। पहले खबरें थीं कि वे स्कूबा डाइविंग कर रहे थे।