आंध्र प्रदेश के सीएम एन. चंद्रबाबू नायडू ने एनटीआर जिले में ‘ऑटो ड्राइवरला सेवालो’ स्कीम शुरू की। इसमें 2.9 लाख से अधिक ऑटो, कैब चालकों को सालाना 15,000 रु. दिए जाएंगे। योजना उन चालकों के लिए है जिनकी आजीविका ‘स्त्री शक्ति’ (महिलाओं को बस सेवाओं में मुफ्त यात्रा) पहल से प्रभावित हुई है।
आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली पुलिस ने हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने पर युवक को गिरफ्तार किया दिल्ली पुलिस ने एक 26 साल के युवक को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हिंदू देवी देवताओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा इस्तेमाल करने के मामले में गिरफ्तार किया है। वीडियो वायरल होने के बाद विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को वसंत कुंज साउथ थाने पर एक पीसीआर कॉल आई। इसमें एक मुस्लिम व्यक्ति द्वारा हिंदू देवी देवताओं के लिए अपमानजनक भाषा इस्तेमाल करने की बात कही गई। जांच के बाद पुलिस ने शमशाद आलम नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तमिलनाडु के मीनाक्षी मंदिर में बम ब्लास्ट की धमकी, जांच में कुछ नहीं मिला तमिलनाडु के मदुरै में स्थित मीनाक्षी अम्मन मंदिर को शनिवार को ईमेल से बम ब्लास्ट की धमकी मिली। मदुरै सिटी पुलिस ने बताया कि सुबह डीजीपी कार्यालय को एक ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया कि मंदिर के अंदर बम लगाया गया है। इसके बाद मदुरै सिटी बम डिस्पोजल यूनिट के पुलिसकर्मी और स्निफर डॉग्स ने मंदिर के अंदर गहन तलाशी ली। इसमें देवी अम्मन और स्वामी के गर्भगृह, स्वर्ण ध्वजस्तंभ क्षेत्र, अन्नदान हॉल और तीर्थकुलम (मंदिर तालाब) क्षेत्र शामिल थे। बाद में मंदिर के चार प्रवेश द्वारों, भक्तों के पहुंचने वाले क्षेत्रों, मोबाइल फोन जमा काउंटरों और मंदिर के सामने नारियल स्टॉलों की भी पूरी जांच की गई। तीन घंटे की तलाशी के बाद अधिकारी ने पुष्टि की कि कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और बम धमकी झूठी थी। वी शांताराम की पत्नी संध्या शांताराम का 94 वर्ष की उम्र में निधन प्रसिद्ध अभिनेत्री संध्या शांताराम का शुक्रवार रात 10 बजे 94 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। संध्या शांताराम वी शांताराम की तीसरी पत्नी थीं। बेटे किरण शांताराम ने इसकी जानकारी दी। दो आंखें बारह हाथ (1957), नवरंग (1959), झनक झनक पायल बाजे (1955) और पिंजरा (1972) फिल्मों में उन्होंने काम किया। किरण ने कहा- हम अक्सर कहते थे कि वे 100 साल तक हमारे साथ रहेंगी। सबसे दुखद बात यह है कि उनके अपने बच्चे नहीं थे, लेकिन उन्होंने मुझे और मेरी बहनों को अपने बच्चों जैसा प्यार दिया। उनका अंतिम संस्कार आज सुबह शिवाजी पार्क श्मशान में किया गया। 1950 और 60 के दशक में उन्होंने हिंदी और मराठी फिल्मों में काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में सहरा, जल बिन मछली नृत्य बिन बिजली और अमर भूपाली भी शामिल हैं। UPSC अब प्रीलिम्स परीक्षा के बाद प्रोविजनल आंसर-की जारी करेगा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा देकर बताया है कि अब सिविल सेवा की प्रीलिम्स परीक्षा के तुरंत बाद ही प्रोविजनल आंसर-की जारी की जाएगी। यह फैसला उन याचिकाओं के बाद आया है, जिनमें UPSC की पुरानी प्रक्रिया को चुनौती दी गई थी। दरअसल, पहले आयोग आंसर की, कट-ऑफ और नंबर्स की जानकारी पूरी परीक्षा प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही जारी करता था। पहले ये जानकारी मेन्स परीक्षा और इंटरव्यू समेत पूरी सिलेक्शन प्रोसेस पूरी होने के बाद दी जाती थी। यानि रिजल्ट आने के कई महीनों बाद जानकारी मिलती थी। फारूक अबदुल्ला को पेट में इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला (87 वर्ष) को शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके पेट में इन्फेक्शन होने के चलते उनका इलाज चल रहा था। पार्टी के एक नेता ने कहा- वह पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थे, लेकिन अब उनकी हालत सुधर रही है। उन्हें आज या कल छुट्टी मिल सकती है। ओडिशा में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो जगह झड़प, 15 लोग घायल ओडिशा के कटक शहर में शनिवार तड़के 2 बजे दुर्गा पूजा की मूर्ति विसर्जन(भासना) यात्रा के दौरान दो अलग-अलग जगहों पर झड़प हो गई। इनमें कुल 15 लोग घायल हो गए, जिनमें डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) ऋषिकेश खिलारी और चार अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पहली झड़प झंजीरिमंगला पूजा समिति की भासना यात्रा के दौरान तेज म्यूजिक बजाने की वजह से हुई। दो गुटों ने एक-दूसरे पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकीं। दूसरी घटना राउसपटना यात्रा के दौरान हाथी पोखरी इलाके में हुई, इसमें एक दूसरे से मारपीट और तोड़फोड़ की खबरें आईं। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर है, जिसे SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। DCP खिलारी की हालत स्थिर है। झड़पों से करीब 50 मूर्ति ले जाने वाली गाड़ियां लगभग चार घंटे रुक गईं थीं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) ने सुबह 6 बजे के आसपास यात्राएं भारी सुरक्षा के बीच फिर शुरू कराईं। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जम्मू-कश्मीर में पहलगाम हमला कराने वाले TRF के फाउंडर आतंकी सज्जाद की ₹2 करोड़ की संपत्ति कुर्क श्रीनगर पुलिस ने आतंकी संगठन टीआरएफ के फाउंडर और नामी आतंकी सज्जाद गुल की 2 करोड़ रुपए कीमत की तीन मंजिला इमारत को कुर्क किया है। टीआरएफ ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली थी। यह बिल्डिंग रोज एवेन्यू, एचएमटी स्थित 15 मरला भूमि पर बनी हुई थी। ये प्रॉपर्टी आतंकी सज्जाद अहमद शेख उर्फ सज्जाद गुल के पिता गुलाम मोहम्मद शेख के नाम पर दर्ज थी। इस बात की जानकारी राजस्व रिकॉर्ड से मिली है। आतंकी की संपत्ति पर ये कार्रवाई परिमपोरा पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के तहत की गई है। यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 25 के तहत शुरू की गई है। इसके तहत अधिकारियों के पास आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल या इस्तेमाल की जाने वाली संपत्तियों को कुर्क करने का अधिकार होता है। पश्चिम बंगाल में पेट्रोल बम बनाते वक्त एक व्यक्ति की मौत पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में शनिवार सुबह एक आदमी की बम बनाते वक्त मौत हो गई। रानीनगर थाने के चेटियानी इलाके में उस्मान बिस्वास नाम का शख्स पेट्रोल बम बना रहा था, तभी बम फट गया। पुलिस ने घटनास्थल से कई पेट्रोल बम बरामद किए। इससे पहले शुक्रवार को डोमकाल इलाके में एक महिला की बम ब्लास्ट में मौत हो गई थी। पुलिस अब विस्फोटकों के सोर्स और बम बनाने के मकसद की जांच कर रही है। दिल्ली में रेस्क्यू के लिए जा रहे फायर बिग्रेड के वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को कुचला, मौत दिल्ली के सोनिया विहार क्षेत्र में शनिवार को फायर बिग्रेड के वाहन ने मोटरसाईकल सवार को कुचल दिया। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि फायर बिग्रेड टीम यमुना में डूब रहे शख्स को बचाने जा रही थी, तभी घटना हो गई। जगदीश पांचाल बने गुजरात प्रदेश के 14वें भाजपा अध्यक्ष, सीआर पाटिल की जगह लेंगे गुजरात सरकार में सहकारिता राज्यमंत्री जगदीश विश्वकर्मा भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। जगदीश पंचाल गुजरात भाजपा के 14वें प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की जगह लेंगे। विश्वकर्मा अहमदाबाद के निकोल विधान सभा से विधायक हैं। गुजरात भाजपा के अध्यक्ष पद के पर्यवेक्षक केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव हैं। गुजरात भाजपा इकाई में कुल 292 सदस्य हैं। ये सदस्य ही राज्य इकाई के अध्यक्ष का चुनाव करते हैं। प्रियंका गांधी का आरोप- वायनाड को दोबारा बसाने ₹2221 करोड़ की जरूरत, केंद्र ने केवल ₹260 करोड़ मंजूर किए कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर वायनाड भूस्खलन पीड़ितों की मदद को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केरल सरकार ने पुनर्वास व राहत कार्यों के लिए ₹2,221 करोड़ की मांग की थी, लेकिन केंद्र ने सिर्फ ₹260 करोड़ मंजूर किए। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने विधानसभा में बताया कि घोषित राशि अब तक राज्य को नहीं मिली है। उन्होंने वायनाड की त्रासदी को ‘राष्ट्रीय आपदा’ और ‘गंभीर प्रकृति की आपदा’ घोषित करने की मांग दोहराई। राज्य सरकार ने एल्स्टन एस्टेट में 64.47 हेक्टेयर जमीन पर टाउनशिप प्रोजेक्ट शुरू किया है, जो जनवरी 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। मणिपुर में तीन 10 उग्रवादी गिरफ्तार मणिपुर में सिक्योरिटी फोर्सेस ने तीन जिलों से 10 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। असम राइफल्स ने 1 अक्टूबर को चुराचांदपुर के जंगलों में ऑपरेशन सोंगकोट के तहत यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UKNA) के सीनियर कमांडर जमखोगिन गुइटे लुप्हो उर्फ पेप्सी समेत 5 लोगों को पकड़ा। यह कमांडर जनवरी 2024 में बिष्णुपुर जिले में चार मीतै समुदाय के लोगों की हत्या में शामिल बताया जा रहा है। इसके अलावा शुक्रवार को थौबल और इंफाल वेस्ट जिलों से चार और उग्रवादी गिरफ्तार हुए। इनमें कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (अपुनबा) की एक महिला समेत दो कार्यकर्ता, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी का एक कॉर्पोरल और केसीपी (PWG) का एक सदस्य शामिल है। मणिपुर में मई 2023 से जारी हिंसा में अब तक 260 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं। बॉम्बे हाईकोर्ट ने दो निचली अदालत के जजों को भ्रष्टाचार-अनुचित व्यवहार के आरोप में बर्खास्त किया बॉम्बे हाईकोर्ट ने दो निचली अदालत के जजों को भ्रष्टाचार और अनुचित व्यवहार के आरोप में बर्खास्त कर दिया है। बर्खास्त किए गए जजों में अतिरिक्त सत्र जज धनंजय निकम और सिविल जज इरफान शेख शामिल हैं। जांच में पता चला कि निकम पर रिश्वत लेने का आरोप है, जबकि इरफान शेख नारकोटिक पदार्थ अधिनियम (NDPS) के मामलों में भ्रष्टाचार और जांच के दौरान जब्त नशीली सामग्री के दुरुपयोग में शामिल हैं। शेख के खिलाफ हाईकोर्ट में एक याचिका अभी भी पेंडिंग हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने निकम पर आरोप लगाया कि उन्होंने सतारा जिले में एक ठगी मामले में जमानत देने के लिए महिला से ₹5 लाख की रिश्वत मांगी थी। जांच में यह सामने आया है कि निकम ने मुंबई और सतारा के दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर रिश्वत की मांग की। हाईकोर्ट ने शुक्रवार को जजों को बर्खास्त करने का आदेश जारी किया। कर्नाटक के बेलगावी में उर्स जुलूस के दौरान पत्थरबाजी, ‘आई लव मोहम्मद’ के नारे लगे थे कर्नाटक के बेलगावी में उर्स जुलूस के दौरान हु’आई लव मोहम्मद’ के नारे लगाए गए। घटना शुक्रवार रात की है। अधिकारियों ने बताया कि जुलूस मेहबूब सुहानी दरगाह से निकाला गया था। जब उसे खड़क गली से निकाला गया तो कुछ लोगों ने नारे लगाए। इसके बाद यहां पत्थरबाजी हुई। पुलिस ने बताया कि जुलूस यहां से निकाला नहीं जाता था, लेकिन इस बार रास्ता बदला गया था। स्थानीय लोगों ने जुलूस के खड़क गली से निकालने का विरोध किया था। पुलिस ने बताया कि दोनों फिलहाल हालात काबू हैं। यहां पर फोर्स तैनात किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जम्मू-कश्मीर के सांबा में बॉर्डर पर पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया; सुरक्षा बलों ने तलाशी शुरू की जम्मू-कश्मीर के सांबा में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के रामगढ़ सेक्टर में नांगा गांव के ऊपर पाकिस्तानी ड्रोन मंडराता देखा गया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी शुरू कर दिया है। ड्रोन शुक्रवार देर रात पाकिस्तान की ओर से आता हुआ देखा गया। सुरक्षा बलों और पुलिस की टीमों को तुरंत इलाके की तलाशी लेने और यह सुनिश्चित करने के लिए तैनात किया गया कि सीमा पार से ड्रग्स और हथियारों, विस्फोटक को न गिराया जाए। वैष्णो देवी यात्रा 5 से 7 अक्टूबर तक स्थगित, खराब मौसम के चलते फैसला श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने 5 से 7 अक्टूबर तक यात्रा एहतियातन स्थगित कर दी है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के चलते भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने की आशंका जताई है, जिस कारण यह निर्णय लिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बोर्ड ने यह कदम उठाया। नवरात्रि के दौरान अब तक 1.70 लाख से ज्यादा श्रद्धालु वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। मौसम सामान्य होने पर यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। पुरी के जगन्नाथ मंदिर में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी ओडिशा में श्री जगन्नाथ मंदिर के ऐतिहासिक दस्तावेजों को संरक्षित करने के लिए मंदिर प्रशासन डिजिटल लाइब्रेरी बनाएगा। इसमें ताम्र पत्तों पर लिखी दुर्लभ पांडुलिपियां, 12वीं सदी के मंदिर की परंपरागत रीतियों का डेटा और मंदिर का पवित्र पंचांग ‘मदला पंजी’ संरक्षित किया जाएगा।