भास्कर अपडेट्स:महाराष्ट्र पुलिस ने भारतीय युवकों को नौकरी का झांसा देकर विदेश भेजने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

महाराष्ट्र पुलिस ने रविवार को मिरा-भाईंदर, वसई-विरार से दो लोगों को भारतीय युवाओं की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी थाईलैंड और म्यांमार में भारतीय युवाओं को भेजते थे। उनसे भारतीय महिलाओं के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनवाते थे। विदेशों में रह रहे भारतीयों को दोस्त बनवाकर क्रिप्टो और बिटक्वाइन में पैसे इन्वेस्ट करवाते थे। मना करने पर मारपीट भी करते थे। आरोपी छोड़ने के लिए 6 लाख रुपए की मांग करते थे। 6 लाख देने के बाद दोनों युवक भारत वापस लौटे और पुलिस से शिकायत की। पीड़ितों ने बताया कि ये रकम 5 भारतीय खातों में भिजवाई गई। पुलिस ने नौकरी का लालच देने वाले आरोपी असिफ खान को मिरा रोड से पकड़ा। फिरौती का हिस्सा लेने वाले आरोपी विशाखापट्टनम के रोहित कुमार मर्दाना को सूरत से गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है। भारत और विदेश में अन्य शामिल लोगों की तलाश की जा रही है। आज की अन्य बड़ी खबरें… महाराष्ट्र में नाबालिग लड़की से रेप के आरोप में एक युवक गिरफ्तार मुंबई पुलिस ने 16 साल की लड़की का रेप करने के आरोप में 20 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बांद्रा के एक सार्वजनिक शौचालय में घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने रविवार को बताया कि मामला 1 अक्टूबर का है। पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कोर्ट ने आरोपी को सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। फारूक अब्दुल्ला अस्पताल से डिस्चार्ज हुए, पेट में इन्फेक्शन की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। उनको पेट में इन्फेक्शन की शिकायत के बाद मंगलवार को भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने कहा कि उनकी हालत में काफी सुधार हुआ है। अधिकारियों के अनुसार डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी है। इसके बाद वे अपनी सामान्य दिनचर्या में लौट सकेंगे। करूर रैली हादसे में विजय की प्रचार बस के ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज करूर पुलिस ने एक्टर विजय की प्रचार बस के ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह 27 सितंबर को करूर रैली के दौरान हुई दुर्घटना से जुड़ा है, जिसमें भगदड़ में 41 लोगों की मौत और करीब 60 घायल हुए थे। FIR में विजय के प्रचार वाहन को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक, वाहन के पास मोटरसाइकिल सवार प्रशंसकों की टक्कर हुई थी। हाई कोर्ट ने पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठाए थे। पुलिस ने जांच के बाद ड्राइवर और वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महाराष्ट्र में गरबा पांडाल पर अंडा फेंका गया, नीतेश राणे बोले- जिहादी मानसिकता के लोग बख्शे नहीं जाएंगे महाराष्ट्र के ठाणे की मीरा रोड स्थित जेपी नॉर्थ गार्डन सिटी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में गरबा पांडाल में अंडा फेंका गया था। इस मामले की मंत्री नीतेश राणे ने निंदा की। राणे ने कहा कि जिहादी मानसिकता वाले लोग बख्शे नहीं जाएंगे। घटना 30 सितंबर की रात 10:30 से 11 बजे के बीच की है। काशीगांव के इस कॉम्प्लेक्स में 16वीं मंजिल से किसी ने अंडा फेंका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 300 के तहत मामला दर्ज किया। यह धारा धार्मिक समारोह में बाधा डालने के लिए है। शनिवार रात कॉम्प्लेक्स पहुंचे राणे ने कहा कि वे सरकार के प्रतिनिधि के रूप में संदेश दे रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पाकिस्तान नहीं है। ऐसे लोगों के साथ सख्ती से पेश आया जाएगा। राणे ने स्थानीय पुलिस पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज कर रही है। महाराष्ट्र में दुर्गा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान पथराव में 5 घायल, 12 को पुलिस ने हिरासत में लिया महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शनिवार रात दुर्गा मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान पथराव हुआ। यह घटना संग्रामपुर तहसील के बावनबीर गांव में हुई। जय माल्हार मंडल के गुजरते समय कुछ लोगों ने जुलूस पर पथराव किया। सोनाल पुलिस स्टेशन के प्रभारी चंद्रकांत पाटिल ने बताया कि मंडल वाले गाने बजा रहे थे। तभी दूसरे समुदाय के लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में पांच लोग घायल हो गए। सोनाल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना से जुड़े 12 लोगों को हिरासत में ले लिया गया। एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला ‘विकसित भारत बिल्डाथॉन’ के ब्रांड एंबेसडर बनाए गए इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय एस्ट्रोनॉट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को ‘विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025’ का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। यह देशभर के स्कूलों में कक्षा 6 से 12 के छात्रों के लिए एक बड़ा इनोवेशन कार्यक्रम है। बिल्डाथॉन 23 सितंबर से शुरू हुआ है, इसके रजिस्ट्रेशन 6 अक्टूबर तक चालू हैं। लाइव इवेंट 13 अक्टूबर को होगा और विजेताओं की घोषणा दिसंबर में की जाएगी। छात्र टीमें बनाकर नए आइडिया और प्रोटोटाइप तैयार करेंगे। AAP ने पंजाब से राजिंदर गुप्ता को राज्यसभा कैंडिडेट बनाया, ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन का 5 हजार करोड़ का टर्नओवर आम आदमी पार्टी ने ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता को पंजाब से राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पहले इस सीट से दिल्ली के पूर्व CM और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलें थी। गुप्ता के नाम को लेकर AAP के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने रविवार को लेटर जारी किया। राजिंदर गुप्ता पंजाब के सबसे अमीर इंडस्ट्रियलिस्ट्स में से एक माने जाते हैं। उनकी कंपनी का करीब 5 हजार करोड़ का टर्नओवर है। गुप्ता पंजाब आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और काली माता मंदिर पटियाला की एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के चेयरमैन भी रह चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें… तेलंगाना में पांगोलिन स्केल तस्करी का पर्दाफाश, 6.53 किलो स्केल जब्त तेलंगाना के हनमकोंडा में DRI (रेवन्यू इंटेलिजेंस निदेशालय) ने 6.53 किलो पैंगोलिन स्केल (चमड़ी) जब्त करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, खुफिया जानकारी मिलने के बाद एक्शन लिया गया था, गिरफ्तारी 4 अक्टूबर को हुई थी। पैंगोलिन स्केल की चीन और दक्षिण-पूर्व एशिया में बहुत मांग है। इसका उपयोग दवाई बनाने में किया जाता है। पैंगोलिन को दुनिया का सबसे ज्यादा तस्करी होने वाला जंगली जानवर माना जाता है। भारतीय पैंगोलिन संरक्षित प्रजाति है और इसके शिकार और व्यापार पर कानूनन सख्त रोक है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पैंगोलिन और उनके हिस्सों का व्यापार पूरी तरह बैन है। एअर इंडिया के विमान की इंग्लैंड के बर्मिंघम में इमरजेंसी लैंडिंग, विमान का RAT खुला पंजाब के अमृतसर से इंग्लैंड के बर्मिंघम जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट (AI117, ड्रीमलाइनर विमान) बर्मिंघम में तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। फ्लाइट को वापस दिल्ली आना था, अब इसे टाला गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान का रैम एयर टरबाइन (RAT) खुल गया था। यह तब होता है जब प्लेन की बिजली सप्लाई बंद हो जाती है। पूरी खबर पढ़ें… गुजरात में धोलेरा-भावनगर हाईवे पर दो बसें टकराईं, 13 घायलों में 3 की हालत गंभीर गुजरात में धोलेरा-भावनगर हाईवे पर रविवार सुबह दो लग्जरी बसों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बस पलट गई। हादसे में दोनों बसों में सवार 13 यात्री घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को भावगनर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। केरल के कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 6 किलो हाइब्रिड गांजा के साथ फैशन डिजाइनर गिरफ्तार केरल के कोच्चि एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने एक व्यक्ति को 6 किलो हाइब्रिड गांजा के साथ गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किया शख्स पेश से फैशन डिजाइनर है। उसका नाम अब्दुल जलील जस्मल (29) है, वो कोडुंगल्लूर का रहने वाला है। अब्दुल बैंकॉक के जस्मल से कोच्चि आया था। उसने हैंडबैग में गांजे के 6 पैकेट छिपा रखे थे। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹6 करोड़ है। अब्दुल को इस तस्करी के लिए 1 लाख रुपए और फ्लाइट टिकट दी गई थी। मणिपुर में हथियारों की खेप बरामद, 6 उग्रवादी भी गिरफ्तार मणिपुर में सुरक्षा बलों ने कांगपोकपी और इंफाल वेस्ट जिलों में तलाशी अभियान के दौरान हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। साथ ही बैन संगठनों के 6 उग्रवादियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, कांगपोकपी जिले के कोटजिम क्षेत्र से एक हेकलर एंड कोच राइफल, दो बोल्ट एक्शन राइफल, दो इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए। इंफाल वेस्ट के कांगलाटोंबी इलाके से सुरक्षा बलों ने एक सब-मशीन गन, एक .303 राइफल, एक 9mm पिस्तौल, एक .32 पिस्तौल, सात स्थानीय रूप से बनी राइफलें और अन्य हथियार बरामद किए। कांगलेपाक कम्युनिस्ट पार्टी (PWG) के दो सदस्य, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के 4 सदस्यों गिरफ्तार किए गए हैं। बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट शुल्क में एक साल छूट, 6 करोड़ बच्चों को फायदा मिलेगा भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने 7-15 वर्ष के बच्चों के आधार के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के सभी शुल्क माफ कर दिया है। UIDAI ने शनिवार को बताया कि शुल्क माफी 1 अक्टूबर से प्रभावी हो गई है। यह एक वर्ष तक लागू रहेगी। इस कदम से छह करोड़ बच्चों को लाभ होने की संभावना है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के मुताबिक, आधार में फ्री में बायोमेट्रिक अपडेट से बच्चों की शिक्षा, छात्रवृत्ति और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजनाओं तक पहुंच आसान होगी। दरअसल, पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों के आधार नामांकन के लिए फिंगरप्रिंट और आईरिस बायोमेट्रिक्स नहीं लिए जाते क्योंकि उस आयु तक ये परिपक्व नहीं होते। मौजूदा नियमों के अनुसार, पांच वर्ष की उम्र के बाद बच्चों के फिंगरप्रिंट, आईरिस और फोटोग्राफ का आधार अपडेट अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *