गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। उसके बुधवार सुबह दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पहुंचने की उम्मीद है। अमेरिका से कुल 200 लोगों को डिपोर्ट किया गया है, इनमें भारत के 3 लोग हैं। अनमोल के अलावा दो लोग पंजाब के हैं। गैंगस्टर अनमोल अप्रैल, 2024 में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग मामले में वांटेड आरोपी है। वह पिछले साल मुंबई में NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य आरोपी भी है। अनमोल का नाम 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी सामने आया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनमोल को अमेरिका में अवैध तरीके से घुसने के कारण गिरफ्तार किया गया था। अब उसे भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। वह भारत में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की वांटेड लिस्ट में है। NIA ने उस पर ₹10 लाख का इनाम भी घोषित किया था। बाबा सिद्दीकी के बेटे और पूर्व कांग्रेस विधायक जीशान सिद्दीकी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि उन्हें अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग से एक ईमेल मिला है। इसमें बताया गया है कि अनमोल को अमेरिका से निकाल दिया गया है। जीशान ने कहा- अनमोल को भारत लाकर उसके अपराधों के लिए मुकदमा चलाया जाना चाहिए। अनमोल को किस एजेंसी को सौंपा जाए, केंद्र तय करेगा न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि देश भर में गैंगस्टर के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। अब केंद्र सरकार तय करेगी कि उसे पहले किस एजेंसी को सौंपा जाए। मुंबई पुलिस ने अनमोल के प्रत्यर्पण के लिए दो प्रस्ताव भेजे थे। मुंबई पुलिस अपने मामलों में जांच के लिए उसकी हिरासत की मांग कर सकती है। अधिकारी ने बताया कि अनमोल अमेरिका और कनाडा के बीच घूमता रहता था। पिछले साल नवंबर में, अनमोल को अमेरिका में अधिकारियों ने हिरासत में लिया था। इस महीने की शुरुआत में, जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि उसे कनाडा में हिरासत में लिया गया है। अनमोल के पास रूसी पासपोर्ट था, जो उसने फर्जी दस्तावेज के आधार पर बनवाया था। जीशान बोले- अनमोल ने किसके कहने पर हत्या की, जानना जरूरी जीशान सिद्दीकी ने अनमोल को भारत लाए जाने पर कहा- अनमोल समाज के लिए खतरा है। मेरे पिता की हत्या में उसका नाम आया था। हमारे लिए यह जानना जरूरी है कि अनमोल ने किसके कहने पर सबकुछ किया। एक साल से ज्यादा हो गया, लेकिन हमें अब तक न्याय नहीं मिला है। जीशान ने कहा- मेरे पिता का अनमोल या लॉरेंस से कोई संबंध नहीं था, इसलिए कोई यह काम सिर्फ अपने लिए नहीं करेगा। अनमोल या उसके गुर्गों से यह किसने करवाया यह जानना बहुत जरूरी है। अनमोल को मुंबई लाकर पूछताछ होनी चाहिए। सिद्दीकी की हत्या के बाद शूटर ने अनमोल को फोटो भेजा था बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर, 2024 की रात करीब 9.30 बजे मुंबई के बांद्रा के खेर वाड़ी सिग्नल पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मर्डर की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। पुलिस ने इस मामले में करीब 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अनमोल बिश्नोई, शुभम लोनकर और जीशान मोहम्मद अख्तर को मामले में वांटेड घोषित किया गया था। बाबा सिद्दीकी की हत्या के समय अनमोल शूटर्स से फोन पर टच में था। सिद्दीकी के मरने के बाद एक शूटर ने अनमोल को मौके के फोटो और वीडियो भेजकर कन्फर्म किया कि सिद्दीकी मर गया है। मार्च 2023: लॉरेंस की सलमान खाम को धमकी, फिर फायरिंग मार्च 2023 में लॉरेंस गैंग से सलमान खान को धमकी मिली थी। इसके बाद सलमान को महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा दी गई। NIA ने कहा था कि खान उन 10 लोगों की लिस्ट में टॉप पर हैं, जिन्हें जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने मारने की धमकी दी थी। 1998 में हुई काले हिरण के शिकार की घटना से बिश्नोई समुदाय नाराज है, जिसका हवाला देते हुए लॉरेंस ने एक TV इंटरव्यू में सलमान को मारने की धमकी दी थी। इसके बाद 14 अप्रैल 2024 को बाइक सवार दो लोगों ने सलमान के घर पर फायरिंग की थी। 29 मई, 2022: मूसेवाला मर्डर के बाद अनमोल का नाम चर्चा में आया सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर पंजाबी सिंगर शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मूसेवाला मर्डर के बाद अनमोल बिश्नोई उर्फ भानु का नाम पहली बार चर्चा में आया था। पंजाब पुलिस की जांच में पता चला था कि लॉरेंस ने तिहाड़ जेल से मूसेवाला की हत्या की साजिश रची थी। उसके भाई अनमोल और भतीजे सचिन ने कनाडाई गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के साथ मिलकर पूरी साजिश को अंजाम दिया था। दोनों ने मूसेवाला की रेकी की। फिर उसके लिए शूटर और हथियारों का इंतजाम किया। पुलिस ने सचिन थापन को अजरबैजान में पकड़ा था, लेकिन अनमोल दुबई से केन्या और फिर अमेरिका भाग गया था। करीब 2 साल पहले अनमोल अमेरिका में पंजाबी सिंगर करण औजला और शैरी मान के शो में नजर आया था। कैलिफोर्निया के बेकर्सफील्ड में आयोजित कार्यक्रम में अनमोल स्टेज पर सेल्फी लेता नजर आया था। ……………………….. लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… गैंगस्टर लॉरेंस की पाकिस्तान को धमकी-पहलगाम हमले का बदला लूंगा: 1 लाख के बराबर एक मारेंगे; आतंकी की फोटो पर क्रॉस लगाया ख्यात गैंगस्टर लॉरेंस ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेने की धमकी दी थी। लॉरेंस ग्रुप ने इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें पाकिस्तानी आतंकी हाफिज सईद की फोटो पर क्रॉस लगाया था। इसमें लॉरेंस गैंग ने लिखा था- तुमने हमारे निर्दोष लोगों को मारा है, अब हम पाकिस्तान में घुसकर एक ऐसा आदमी मारेंगे जो एक लाख के बराबर होगा। पूरी खबर पढ़ें…
Related Posts
सेना बोली- पाकिस्तान ने सीजफायर तोड़ा तो करारा जवाब देंगे:ऑपरेशन सिंदूर में 40 PAK सैनिक, 100 आतंकी मारे; 5 भारतीय जवान शहीद
भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के 25 घंटे बाद रविवार शाम 6:30 बजे तीनों सेनाओं ने 1 घंटा 10 मिनट तक…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:रामलला का रोज सूर्य तिलक होगा; ईद पर मुस्लिमों को BJP की सौगात; सिर्फ 5 मिनट में देश-दुनिया की बड़ी खबरें
नमस्कार, कल की बड़ी खबर अयोध्या के राम मंदिर की रही। दूसरी खबर BJP की सौगात-ए-मोदी कैंपेन से जुड़ी रही।…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:महाकुंभ- गंगा में पानी घटा, टापू दिखने लगे; एक्टर गोविंदा के तलाक की चर्चा; CBSE 10वीं की परीक्षा साल में 2 बार
नमस्कार, कल की बड़ी खबर प्रयागराज महाकुंभ से जुड़ी रही, आखिरी स्नान से पहले गंगा का जलस्तर घटा है। दूसरी…