भास्कर अपडेट्स:नागपुर-जबलपुर हाईवे पर वाहन की टक्कर से तेंदुआ घायल

नागपुर जिले में नागपुर–जबलपुर राष्ट्रीय नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुआ गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सोमवार सुबह सुबह 7 से 7.30 बजे के बीच मानसार रेंज में हुई। ग्रामीणों ने तेंदुए को सड़क पर बेहोश पड़ा देखा था। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई थी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पाया कि तेंदुआ जीवित है। उसे तुरंत सरकारी वाहन से नागपुर स्थित टाइगर ट्रांजिट सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। आज की बाकी बड़ी खबरें… जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों को घेरा, अंधेरे के कारण ऑपरेशन रुका जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सोमवार शाम सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। यहां सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के 2-3 आतंकियों को घेरा है। शाम के वक्त कुछ समय तक दोनों और से गोलीबारी हुई। अंधेरा होने के कारण सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन रोक दिया। पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है। 500 करोड़ की धोखाधड़ी केस में अंडमान और निकोबार के पूर्व सांसद सहित चार आरोपियों की जमानत खारिज अंडमान और निकोबार राज्य सहकारी बैंक में धोखाधड़ी मामले में पोर्ट ब्लेयर स्थित विशेष न्यायालय ने अंडमान और निकोबार के पूर्व सांसद सहित चार आरोपियों की जमानत खारिज कर दी। धोखाधड़ी के मामले में चारों को बीते सितंबर महीने में गिरफ्तार किया गया था। जिन दूसरे आरोपियों की जमानत खारिज की गई है, उनमें के. मुरुगन (प्रबंध निदेशक, एएनएससीबीएल), के. कलैवानन (ऋण अधिकारी, एएनएससीबीएल) और संजय लाल (कुलदीप राय शर्मा के सहयोगी) शामिल हैं। चारों पर आरोप है कि बैंक के अधिकारी और निजी लोग मिलकर फर्जी कंपनियां बनाकर बैंक से बड़े-बड़े लोन पास करते थे। बैंक के नियमों को तोड़कर 100 से ज्यादा फर्जी लोन अकाउंट खोलकर लगभग 500 करोड़ रुपए का नुकसान बैंक को पहुंचाया। इसमें से करीब 230 करोड़ रुपये कुलदीप राय शर्मा और उसके साथियों को फायदा पहुंचाने के लिए दिए गए। सोनम वांगचुक की हिरासत पर सुनवाई 7 जनवरी तक टली सुप्रीम कोर्ट ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की एनएसए के तहत हिरासत को चुनौती देने वाली उनकी पत्नी गीतांजलि जे आंगमो की याचिका पर सुनवाई 7 जनवरी 2026 तक के लिए टाल दी। समय की कमी के कारण यह फैसला लिया गया। याचिका में कहा गया है कि 26 सितंबर को की गई वांगचुक की हिरासत अवैध और मनमानी है, जो उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करती है। इससे पहले 24 नवंबर को केंद्र सरकार और लद्दाख प्रशासन ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा था। 29 अक्टूबर को कोर्ट ने इस मामले में केंद्र और लद्दाख प्रशासन से जवाब भी तलब किया था। सोनम वांगचुक को 24 सितंबर को लद्दाख में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद 26 सितंबर को एनएसए के तहत हिरासत में लिया गया था। इन प्रदर्शनों में चार लोगों की मौत और 90 लोग घायल हुए थे। सरकार का आरोप है कि वांगचुक ने हिंसा भड़काई। हालांकि, याचिका में कहा गया है कि हिंसा से उनका कोई संबंध नहीं है और उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर हिंसा की निंदा की थी। वांगचुक ने कहा था कि हिंसा से लद्दाख का शांतिपूर्ण आंदोलन कमजोर होगा। एनएसए के तहत किसी व्यक्ति को अधिकतम 12 महीने तक हिरासत में रखा जा सकता है। महाराष्ट्र के ठाणे में रैपिडो चालक गिरफ्तार, महिला से छेड़छाड़ और लूट की थी महाराष्ट्र के ठाणे में रैपिडो बाइकर ने महिला यात्री (26) से छेड़छाड़ की थी। साथ ही एक हजार रुपए लूटे थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम सिद्धेश परदेशी (19) है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद हुआ है। इस मामले में परिवहन विभाग ने रैपिडो, ओला और उबर जैसी कंपनियों से जवाब मांगा है। मंत्री प्रताप सरनाईक ने इस पर बैठक बुलाई है। दिल्ली ब्लास्ट केस: आरोपी डॉ. नासिर बिलाल मल्ला और शोएब की हिरासत 4 दिन और बढ़ी दिल्ली ब्लास्ट केस में पटियाला हाउस कोर्ट ने सोमवार को आरोपी डॉ. नासिर बिलाल मल्ला और शोएब की हिरासत 4 दिन और बढ़ा दी है। मल्ला को तीन दिन पहले भी कोर्ट में पेश किया गया था, जहां उसका वॉयस सैंपल लिया गया था। मल्ला को NIA ने 9 दिसंबर को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। वह इस मामले में आठवां आरोपी है। संजय सरावगी बने बिहार भाजपा के अध्यक्ष, दरभंगा सदर सीट से 5 बार से विधायक हैं भाजपा ने सोमवार को 55 साल के संजय सरावगी को बिहार भाजपा का अध्यक्ष बनाया है। वे दरभंगा से विधायक हैं। संजय मौजूदा अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल की जगह ली है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को कार्यभार सौंपने के पहले इसकी घोषणा की। संजय दरभंगा सदर से 5 बार के विधायक हैं। पूर्व मंत्री रह चुके हैं। वैश्य समुदाय से आते हैं, जो भाजपा का कोर वोटर है। मिथिलांचल में पार्टी का चर्चित और पुराना चेहरा हैं। मुंबई नगर निगम चुनाव 15 जनवरी को, 16 को रिजल्टआएंगे मुंबई की सबसे बड़ी स्थानीय निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के चुनाव 15 जनवरी को कराए जाएंगे। चुनाव के रिजल्ट अगले दिन 16 जनवरी को आएंगे। BMC के चुनाव पिछली बार 2022 में हुए थे। इस बार BMC के साथ-साथ राज्य की 28 अन्य नगर निगमों के चुनाव भी एक साथ कराए जाएंगे। चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। BMC चुनाव को मुंबई की राजनीति का सेमीफाइनल माना जाता है, क्योंकि इसका असर राज्य की सियासत पर भी पड़ता है। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनावी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में मार गिराए पाकिस्तानी ड्रोन को दिखाया, तुर्किये ने बनाया था भारतीय सेना ने सोमवार को पाकिस्तानी ड्रोन दिखाया है, जिसे सेना ने 10 मई को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मार गिराया था। इस ड्रोन को तुर्किये ने बनाया था। दरअसल 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर को पहलगाम में आतंकी हमले में 26 टूरिस्ट की मौत हो गई थी। इसके बाद भारतीय सेना ने 7 मई को पाकिस्तान के 9 ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। टारगेट में बहावलपुर, मुरीदके, मुजफ्फराबाद जैसी जगहें शामिल थीं। यहां आतंकियों को ट्रेनिंग दी जाती थी। पाकिस्तान ने भारत के पश्चिमी राज्यों में बड़े पैमाने पर ड्रोन अटैक किए थे लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने लगभग सभी को बेअसर कर दिया। BJP ने 2026 चुनावों से पहले पीयूष गोयल को तमिलनाडु और बैजयंत पांडा को असम का चुनाव प्रभारी बनाया भाजपा ने 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक स्तर पर बदलाव किए हैं। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को तमिलनाडु और सांसद बैजयंत पांडा को असम का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। दोनों राज्यों में वर्ष 2026 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। तमिलनाडु में पीयूष गोयल के साथ केंद्रीय कानून, न्याय और संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल और नागरिक उड्डयन व सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल को चुनाव सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं असम में जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और विधायक सुनील कुमार शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री दर्शना बेन जरदोश को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
बीजापुर में IED धमाका, CoBRA के दो जवान घायल छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED विस्फोट में सीआरपीएफ की COBRA यूनिट के दो जवान घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार को फरसेगढ़ थाना क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुई। STF, DRG और CoBRA की संयुक्त टीम जंगल इलाके में तलाशी अभियान चला रही थी, तभी पहले से लगाए गए IED में विस्फोट हो गया। धमाके में दोनों जवानों को चोटें आईं। उन्हें इलाज के लिए रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई गई है। रिटायर्ड IAS राजकुमार गोयल बने देश के मुख्य सूचना आयुक्त, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिलाई शपथ रिटायर्ड IAS अधिकारी राज कुमार गोयल देश के अगले मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) बन गए। सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय पैनल ने उनके नाम की सिफारिश की थी। गोयल अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-यूनियन टेरिटरी (एजीएमयूटी) कैडर के 1990 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। वे इसी साल 31 अगस्त को कानून और न्याय मंत्रालय के अधीन न्याय विभाग के सचिव के पद से रिटायर हुए थे। उन्होंने गृह मंत्रालय में सचिव (सीमा प्रबंधन) के रूप में कार्य किया है। वे केंद्र और जम्मू और कश्मीर में महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं। संगीता बरुआ प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गईं, 68 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ
वरिष्ठ पत्रकार संगीता बरुआ पिशारोती रविवार (14 दिसंबर) को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (PCI) की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गईं।
PCI के 68 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ हुआ है कि किसी महिला पत्रकार को कमान मिली है। PCI का गठन 20 दिसंबर 1957 को हुआ था।
PCI चुनाव के रिजल्ट रविवार को आए। मतदान शनिवार को हुआ था। चुनाव में संगीता की टीम ने सभी पदाधिकारियों और प्रबंध समिति की सीटों पर जीत दर्ज की। 21-0 से क्लीन स्वीप किया। संगीता को 1,019 वोट मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी अतुल मिश्रा और अरुण शर्मा को क्रमशः 129 और 89 वोट प्राप्त हुए।
इस चुनाव में अफज़ल इमाम क्लब के महासचिव चुने गए, जबकि जतिन गांधी उपाध्यक्ष बने। अदिति राजपूत (कोषाध्यक्ष) और पीआर सुनील (संयुक्त सचिव) निर्विरोध निर्वाचित हुए। शिवसेना (यूबीटी) नेता तेजस्वी घोसालकर भाजपा में शामिल; ठाकरे परिवार की करीबी मानी जाती थीं पूर्व बीएमसी पार्षद और शिवसेना (यूबीटी) नेता तेजस्वी घोसालकर ने सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए। दिवंगत शिवसेना (यूबीटी) नेता अभिषेक घोसालकर की पत्नी तेजस्वी घोसालकर परिवार से आती हैं, जिनका दहिसर और मगाठाणे जैसे इलाकों में मजबूत राजनीतिक प्रभाव है।

बीएमसी चुनाव से पहले उनका शिवसेना (यूबीटी) छोड़ना पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तेजस्वी के भाजपा जॉइन करने से पार्टी को फायदा मिल सकता है। तेजस्वी के ससुर, शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक विनोद घोसालकर के ठाकरे परिवार से लंबे समय से राजनीतिक संबंध रहे हैं, जो बालासाहेब ठाकरे के दौर से चले आ रहे हैं। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी आज जम्मू स्पेशल NIA कोर्ट में पहलगाम आतंकी हमले के मामले में चार्जशीट पेश करेगी नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) सोमवार को पहलगाम आतंकी हमले के मामले में चार्जशीट दाखिल करेगी। जिसमें पाकिस्तानी आतंकवादियों ने 26 लोगों, जिनमें ज्यादातर टूरिस्ट थे, उन्हें मार दिया था। NIA की जांच में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में तीन आतंकवादियों का हाथ सामने आया था। NIA ने तीन आतंकवादियों को पनाह देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। दोनों ने आतंकवादियों को खाना, रहने की जगह और लॉजिस्टिकल सहायता प्रदान की थी। गिरफ्तार किए गए दोनों बटकोट के परवेज अहमद जोथर और पहलगाम के बशीर अहमद जोथर ने तीनों हमलावरों की पहचान पाकिस्तानी नागरिकों के रूप में बताई, जो प्रतिबंधित संगठन लश्कर से जुड़े थे। 28 जुलाई को श्रीनगर के बाहरी इलाके में ऑपरेशन महादेव कोड-नाम वाले मुठभेड़ में मारे गए तीन LeT आतंकवादी हमले के बाद से दाचीगाम-हरवान जंगल बेल्ट में छिपे हुए थे। महाराष्ट्र के लातूर में कार के अंदर युवक का जला हुआ शव मिला, बोरे में बंधा था महाराष्ट्र के लातूर जिले में रविवार को एक जली हुई कार के अंदर एक युवक का शव मिला। शव बोरे में बंधा हुआ था। मृतक की पहचान औसा टांडा निवासी गणेश चव्हाण के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अज्ञात लोगों ने चव्हाण को बोरे में भरकर कार की सीट पर बैठाया और इसके बाद वाहन में आग लगा दी। गणेश चव्हाण ICICI बैंक में रिकवरी एजेंट के तौर पर काम करता था। पुलिस ने मौके पर प्राथमिक जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों और परिचितों के अनुसार, रविवार को वे गणेश से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद था। तलाश के दौरान उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि वनवाड़ा रोड पर एक कार में आग लगी है। पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को बुलाया गया। आग बुझाने के बाद कार के अंदर जला हुआ शव मिला। शव पूरी तरह झुलस चुका था। मौके पर मेडिकल अधिकारियों को बुलाया गया। पोस्टमॉर्टम कराया गया है और आगे की जांच जारी है। गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: जमीन के असली मालिक और सरपंच से पूछताछ गोवा के अर्पोरा स्थित नाइटक्लब में 6 दिसंबर को हुए भीषण अग्निकांड को लेकर जांच और कार्रवाई तेज हो गई है। इस मामले में गठित मजिस्ट्रियल जांच समिति ने जमीन के मूल मालिक प्रदीप घाड़ी आमोनकर और अर्पोरा-नागोआ पंचायत के सरपंच रोशन रेडकर से लंबी पूछताछ की है। जिला मजिस्ट्रेट अंकित यादव की अध्यक्षता वाली समिति ने आमोनकर से करीब 7 घंटे तक सवाल-जवाब किए। उनके वकील ने बताया कि जांच काफी गहन रही और समिति यह जानना चाहती थी कि यह हादसा आखिर क्यों हुआ? सरपंच रोशन रेडकर ने भी समिति के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि उन्होंने जांच समिति को सारी जानकारी दी है। रेडकर इस मामले में पहले ही अग्रिम जमानत ले चुके हैं। मासूम से दुष्कर्म के आरोपी की दया याचिका खारिज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दो साल बच्ची से दुष्कर्म, हत्या के दोषी की दया याचिका 6 नवंबर को खारिज कर दी है। महाराष्ट्र के रवि घुमारे ने साल 2012 में वारदात को अंजाम दिया था। राष्ट्रपति बनने के बाद यह तीसरी दया याचिका है, जिसे उन्होंने खारिज किया है। सुप्रीम कोर्ट ने 3 अक्टूबर 2019 को उसकी सजा बरकरार र हुए रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *