भास्कर अपडेट्स:सिक्किम में 4.7 तीव्रता का भूकंप, पश्चिम सिक्किम के मानेबंग से 11 किमी दूर था केंद्र

सिक्किम के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम 4.7 तीव्रता का भूकंप आया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि शाम 6:35 बजे आए इस भूकंप का केंद्र पश्चिम सिक्किम के मानेबंग से 11 किमी दूर था। सिक्किम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) के एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप से किसी के घायल होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
IMD ने बताया कि भूकंप के झटके गंगटोक और सिक्किम के कुछ अन्य स्थानों के साथ-साथ बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और चीन के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। आज की अन्य बड़ी खबरें… जम्मू-कश्मीर के पुंछ में LoC के पास लैंडमाइन ब्लास्ट में सेना का पोर्टर घायल जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास लैंडमाइन फटने से सेना का एक पोर्टर घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि स्लॉटरी-पटिया गांव का रहने वाला जुल्फिकार अहमद (24) ने दोपहर करीब 2.10 बजे मनकोट सेक्टर के एक फॉरवर्ड एरिया में गलती से लैंडमाइन पर पैर रख दिया। उन्होंने बताया कि घुसपैठ रोकने के लिए फॉरवर्ड एरिया में लैंडमाइन बिछाई गई हैं। ये कभी-कभी बारिश से बह जाती हैं, जिससे ऐसे हादसे होते हैं।
अधिकारियों ने आगे बताया कि घायल नागरिक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सेना के पोर्टर सीमावर्ती और दुर्गम इलाकों में भारतीय सैनिकों के लिए राशन, गोला-बारूद, उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण रसद (सामान) ढोने वाले स्थानीय सहायक होते हैं। ये अस्थाई रूप से नियुक्त होते हैं, जो बर्फ हटाने, ट्रैक बनाने और कठिन हिस्सों में आने जाने में मदद करते हैं। महाराष्ट्र के ठाणे में 12 साल का बच्चा 6 वीं मंजिल से गिरा, मौत महाराष्ट्र के ठाणे में 12 साल के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। बच्चा कथित तौर पर एक बहुमंजिला इमारत की छठी मंजिल से नीचे गिर गया। घटना 3 फरवरी की है। पुलिस के मुताबिक बच्चा अपने फ्लैट की खिड़की से नीचे गिरा। सोसायटी के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत (ADR) का केस दर्ज किया है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाया जा रही है। असम सीएम बोले- राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गौरव गोगोई के पाक कनेक्शन की जांच की जा रही है असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तान कनेक्शन की जांच राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए की जा रही है, और राजनीति पर इसका कोई भी संभावित असर सेकेंडरी है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले में दो लोगों – एक पाकिस्तानी नागरिक और एक ब्रिटिश नागरिक की मुख्य भूमिका है, हालांकि उन्होंने दोनों में से किसी का नाम नहीं लिया। यहां एक सरकारी कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सरमा ने कहा, राज्य कैबिनेट आज SIT रिपोर्ट पर चर्चा करेगी और भविष्य की कार्रवाई पर फैसला करेगी। दिल्ली में ₹50 करोड़ की ड्रग्स जब्त, सप्लाई गैंग से जुड़े 7 लोग गिरफ्तार दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स सप्लाई करने वाली गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से करीब 48 किलो साइकोट्रोपिक पदार्थ बरामद हुआ। ब्लैक मार्केट में इसकी कीमत 50 करोड़ रुपए से ज्यादा है। सप्लाई का यह नेटवर्क 5 राज्यों में फैला था। पुलिस ने कई जगह छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक यह सिंडिकेट साइकोट्रोपिक दवाएं बनाने वाली कच्ची सामग्री खरीदता था। अजित पवार की अस्थियां विसर्जित; रामेश्वरम के अग्नि तीर्थ सागर में NCP कार्यकर्ताओं ने दी अंतिम विदाई NCP कार्यकर्ताओं ने शनिवार को महाराष्ट्र पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार की अस्थियों को रामेश्वरम के अग्नि तीर्थ सागर में विसर्जित किया। इसके साथ ही उन्हें अंतिम विदाई दी गई। अजित पवार की मौत 28 जनवरी को बारामती में एक विमान हादसे में हुई थी। पवार का अंतिम संस्कार बारामती के विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ किया गया था। वहां उनके बेटों ने चिता को मुखाग्नि दी थी। अंतिम संस्कार में कई बड़े नेता मौजूद थे। दिल्ली में गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत, सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति गिरफ्तार पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत मामले में एक्शन हुआ है। दिल्ली पुलिस ने सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि राजेश को हादसे की पूरी जानकारी थी। उसे सिक्योरिट गार्ड ने कॉल करके जानकारी दी थी, लेकिन उसने घायल युवक की मदद करने के बजाय घटना को अनदेखा कर दिया। संयुक्त पुलिस आयुक्त जतिन नरवाल ने बताया कि जब कमल बाइक सहित गड्ढे में गिरा, तो वहां से गुजर रहे एक परिवार ने उसे गिरते हुए देखा था। उस परिवार ने तुरंत पास के टेंट में रह रहे कर्मचारी को इसकी सूचना दी। कर्मचारी ने अपने मालिक और सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को फोन कर मौके पर बुलाया। दरअसल, 5 फरवरी की देर रात कमल भयानी (25) की दिल्ली जब बोर्ड की कंस्ट्रक्शन साइट पर खोदे गड्ढे में गिरकर मौत हुई। 6 फरवरी की सुबह 8 बजे PCR कॉल मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आंध्र प्रदेश में चलती बस में लगी आग, ड्राइवर की सूझबूझ से 39 यात्रियों की जान बची आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में केसर टोल गेट के पास शुक्रवार सुबह एक प्राइवेट बस में आग लग गई। बस हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी। जानकारी के मुताबिक, बस के पिछले हिस्से में बने इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देखते ही ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद सभी 39 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मथुरा में एक्सप्रेस-वे पर 6 की मौत, कंटेनर ने रौंदा; बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस से उतरकर खड़े यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया। हादसे में 6 की मौके पर मौत हो गई। एक गंभीर घायल है। घटना शनिवार तड़के 2.45 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, बस नोएडा से फर्रुखाबाद जा रही थी। रास्ते में कुछ यात्रियों ने ड्राइवर को बाथरूम के लिए बस रोकने को कहा। ड्राइवर ने ग्रीन जोन की बजाय रास्ते में बस रोक दी। कुछ यात्री बस से उतरकर नीचे खड़े हो गए, तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी। फिर यात्रियों को रौंद दिया। कंटेनर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पढ़ें पूरी खबर… मेघालय खदान हादसे में मौतों का आंकड़ा 27 पहुंचा, 2 मालिक गिरफ्तार मेघालय के ईस्ट जैंतिया हिल्स जिले में अवैध ‘रैट-होल’ कोयला खदान हादसे में मौत का आंकड़ा 27 हो गया है। गुरुवार सुबह डायनामाइट विस्फोट के बाद हुए इस हादसे में 8 मजदूर घायल भी हुए हैं।एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्पेशल रेस्क्यू टीमें तब से लगातार बचाव कार्य में जुटी हैं। हालांकि, कच्ची खदान की संकरी सुरंगों में पानी भर गया है। विस्फोट के बाद जहरीली गैस जमा होने से रेस्क्यू की रफ्तार धीमी है। पुलिस ने अवैध खदान चलाने के आरोप में दो मालिकों (शमेही वार और फॉर्मे चिरमांग) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है। सीएम कॉनराड संगमा के निर्देश पर खनन और स्वास्थ्य विभाग के दो कैबिनेट मंत्री मौके पर पहुंचे। इस हादसे में नेपाल के सगे भाई पूर्ण बहादुर खापांगी और सुरेंद्र खापांगी की मौत हुई है। चेन्नई में बर्ड फ्लू; 1,500 कौवे मृत मिले; निगरानी बढ़ाई गई तमिलनाडु सरकार ने राज्य के कई हिस्सों में बड़ी संख्या में कौओं की मौत के बाद बर्ड फ्लू (एवियन फ्लू, एच5एन1) को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। चेन्नई और आस‑पास के इलाकों में 1,000–1,500 से अधिक कौवे मृत पाए गए हैं। इनके सैंपलों में एच5एन1 वायरस की पुष्टि हुई है। सरकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। स्लॉटरहाउस और बीमार या मृत पक्षियों को संभालने वालों को सावधानी बरतने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *