मणिपुर में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने फूल्हांग में आर्मी पोस्ट पर फायरिंग की। घटना बुधवार रात 11:40 बजे की है। इंडियन आर्मी और सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) की 58वीं बटालियन ने जवाबी फायरिंग की। करीब 30 मिनट तक गोलीबारी चली। गुरुवार सुबह सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। आज की अन्य बड़ी खबरें… पीएम मोदी लगातार तीसरी बार दुनिया के सबसे पॉपुलर नेता बने, ट्रम्प टॉप-10 से बाहर अमेरिका की डेटा एनालिटिक्स फर्म मॉर्निंग कंसल्ट के मुताबिक, ग्लोबल सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 68% अप्रूवल रेटिंग के साथ दुनिया के सबसे पॉपुलर नेता हैं। यह डेटा 2 से 8 मार्च 2026 के बीच जुटाया गया है और 7 दिन के औसत पर आधारित है। सर्वे के मुताबिक, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग 62% अप्रूवल के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 39% अप्रूवल के साथ टॉप-10 से बाहर हैं, जबकि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को 24% रेटिंग मिली। नरेंद्र मोदी मई 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने थे। जुलाई 2025 की रिपोर्ट में भी वह 75% अप्रूवल के साथ पहले स्थान पर थे। दिल्ली के दयालपुर में तीन नाबालिग लड़कों ने 16 साल के लड़के की चाकू मारकर की हत्या
पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में तीन नाबालिगों ने एक 16 वर्षीय लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी। गुरुवार सुबह पुलिस को नेहरू विहार की गली नंबर 13 में एक लड़के के घायल होने की सूचना मिली थी। उसे तुरंत जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया। इस मामले में 13 से 17 वर्ष के बीच के तीन नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया गया है। इनके पास से एक चाकू भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए एक बच्चे ने बताया कि मृतक उनमें से एक को परेशान कर रहा था। इसी के चलते गुस्से में आकर तीनों ने उसे चाकू मार दिया। पुलिस ने तीनों किशोरों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।