फरीदाबाद के आदर्श नगर इलाके में 29 वर्षीय अरीब की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली के करावल नगर निवासी हर्ष तोमर और फरीदाबाद में रह रहे राहुल प्रजापति को अलीगढ़ से गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। मिली जानकारी के अनुसार, अरीब की आखिरी बातचीत हर्ष तोमर के मोबाइल नंबर से हुई थी। हर्ष तोमर ने पूछताछ में बताया कि अरीब स्क्रैप का माल खरीदने वाला था और उसकी बातचीत राहुल प्रजापति से हुई थी, जो फरीदाबाद में रहता है। अरीब ने एक दिन पहले ही राहुल से कुछ माल खरीदा था और अगले दिन और माल खरीदने के लिए फरीदाबाद जाने की बात कही थी। 7 मार्च को घर से निकला था अरीब अरीब के परिजनों के अनुसार, 7 मार्च को वह सुबह करीब 11:15 बजे तीन लाख रुपये लेकर अपनी एक्टिवा स्कूटी से राहुल प्रजापति से स्क्रैप का माल खरीदने के लिए निकला था। दोपहर करीब 2 बजे तक उसकी आखिरी बातचीत राहुल प्रजापति से हुई थी। उसके बाद उसका फोन बंद हो गया। मोबाइल लोकेशन के अनुसार, उसकी अंतिम लोकेशन फरीदाबाद की संजय कॉलोनी और फिर आदर्श नगर इलाके में मिली थी। अलीगढ़ से पकड़ा गया राहुल प्रजापति दिल्ली पुलिस ने जांच के दौरान हर्ष तोमर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने राहुल प्रजापति का नाम बताया। पुलिस जब फरीदाबाद के संजय कॉलोनी स्थित उसके किराए के घर पहुंची तो पता चला कि वह दो दिन पहले ही घर खाली कर अलीगढ़ चला गया था। इसके बाद पुलिस ने टेंपो चालक को हिरासत में लिया, जिसने बताया कि राहुल प्रजापति ने अरीब को माल दिखाने के लिए अपने साथ भेजा था। टेंपो चालक ने राहुल का अलीगढ़ वाला नंबर पुलिस को दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने अलीगढ़ में छापा मारकर सुबह करीब 6 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। कबूली हत्या की वारदात पूछताछ में राहुल प्रजापति ने पुलिस को बताया कि उसने 7 मार्च को अरीब को कैश लेकर फरीदाबाद बुलाया था। माल दिखाने के बहाने वह उसे आदर्श नगर के सेक्टर 61 के पास ले गया, जहां उसने लूटपाट की नीयत से उसकी हत्या कर दी और शव को जंगलों में फेंक दिया। जंगल में मिला शव, जानवरों ने नोचा शरीर राहुल द्वारा बताए गए स्थान पर पुलिस पहुंची तो रेलवे लाइन के पास जंगलों में अरीब का शव बरामद हुआ। शव की हालत बेहद खराब थी। कुत्तों ने शव के पैरों का मांस नोच लिया था और हड्डियां दिखाई दे रही थीं। अरीब के दोनों हाथ कपड़े से बंधे हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने लगाया पुलिस पर लापरवाही का आरोप अरीब के परिजनों ने बताया कि वह 7 मार्च से लापता था और जब उसकी लोकेशन आदर्श नगर में मिली तो उन्होंने थाने में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने आरोप लगाया कि हर्ष तोमर, राहुल प्रजापति और एक अन्य व्यक्ति बाबू मिलकर एक गैंग चलाते हैं, जो स्क्रैप का सस्ता माल बेचने के बहाने लोगों को फंसाते हैं और फिर लूटपाट या हत्या कर देते हैं। स्क्रैप कारोबार से जुड़ा था अरीब मृतक अरीब दिल्ली के दरियागंज स्थित कुचा चालान वाली गली में अपने पिता, पत्नी ताशमिया और चार वर्षीय बेटे के साथ रहता था। वह स्क्रैप का कारोबार करता था और लोहे की रॉड व रिंग खरीदने-बेचने का काम करता था। उसका कारोबार मुख्य रूप से दिल्ली-एनसीआर, फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में चलता था। पुलिस की जांच जारी दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और तीसरे आरोपी बाबू की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि यह गैंग स्क्रैप के नाम पर लोगों को सस्ते माल का लालच देकर बुलाता था और फिर लूटपाट की वारदात को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
Related Posts
CBI देशभर के डिजिटल अरेस्ट केस की जांच करेगी:SC का निर्देश- राज्य सरकारें जांच एजेंसी की मदद करें; कहा- ये तेजी से बढ़ता साइबर क्राइम
सुप्रीम कोर्ट ने सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिेगेशन (CBI) को देशभर से सामने आए डिजिटल अरेस्ट के मामलों की पैन इंडिया…
दिल्ली पुलिस ने ₹7.16 करोड़ का ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट स्कैम पकड़ा:4 आरोपी गिरफ्तार, ये सभी 300 से ज्यादा साइबर क्राइम में शामिल रहे
दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट स्कैम केस में 4 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह एक्शन 3 नवंबर को…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:MP सरकार अपनी मंत्री की जांच कराएगी, ₹1000 करोड़ घूस का आरोप; टी राजा ने BJP छोड़ी; कैप्टन कूल को ट्रेडमार्क कराएंगे धोनी
नमस्कार, कल की बड़ी खबर मध्यप्रदेश से जुड़ी रही। राज्य सरकार अपनी ही मिनिस्टर संपतिया उईके के खिलाफ जांच कराएगी।…